सेवा सप्ताह शिविर में उमड़ी भीड़, योजनाओं का लाभ पाकर लाभार्थियों के खिले चेहरे

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

जसपुर – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” सेवा सप्ताह के तहत गुरुवार को विकासखंड कार्यालय जसपुर में बहुउद्देशीय जनकल्याणकारी शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने की। शिविर में विभिन्न विभागों ने अपने स्टॉल लगाकर सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए दर्जा राज्यमंत्री विनय रोहेला ने मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सफल कार्यकाल के पांच वर्ष पूर्ण होने पर उन्हें बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व और मुख्यमंत्री धामी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। प्रदेश में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और आधारभूत ढांचे के क्षेत्र में तेजी से कार्य हो रहे हैं, जिससे जनता को सीधा लाभ मिल रहा है।

उन्होंने कहा कि पंतनगर एयरपोर्ट का विस्तार, किच्छा में एम्स की स्थापना, रिंग रोड, मेडिकल कॉलेज, गदरपुर बाईपास तथा बस अड्डे जैसी परियोजनाएं प्रदेश के विकास को नई दिशा दे रही हैं। मुख्यमंत्री ने जनकल्याणकारी योजनाओं को धरातल पर उतारकर आमजन तक उनका लाभ पहुंचाने का कार्य किया है।

इस अवसर पर दर्जा राज्यमंत्री रामपाल सिंह एवं मुकेश कुमार ने भी मुख्यमंत्री के पांच वर्ष पूर्ण होने पर शुभकामनाएं देते हुए सरकार की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला।

शिविर में उद्योग, मत्स्य, कृषि, श्रम, उद्यान, महिला एवं बाल विकास, खाद्य, गन्ना विकास, समाज कल्याण, स्वास्थ्य, होम्योपैथी, सेवा योजन एवं अन्य विभागों ने स्टॉल लगाकर विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। पशुपालन विभाग ने तीन पशुपालकों को दवाइयां वितरित कीं, उद्यान विभाग ने एक किसान को कीटनाशक उपलब्ध कराया तथा महिला एवं बाल विकास विभाग ने चार महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की। स्वास्थ्य विभाग ने 85 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उपचार उपलब्ध कराया, जबकि होम्योपैथी विभाग ने 11 लाभार्थियों को चिकित्सा सेवाएं दीं। समाज कल्याण विभाग ने एक यूडीआईडी कार्ड बनाया तथा वृद्धावस्था पेंशन से संबंधित 22 आवेदन प्राप्त किए। वहीं 20 लोगों के आधार कार्ड भी बनाए गए।

शिविर में कुल 54 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 38 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया। शेष मामलों के त्वरित समाधान के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए गए। उद्योग विभाग, सेवा योजन विभाग, रेशम विभाग एवं पंजाब नेशनल बैंक द्वारा स्वरोजगार एवं वित्तीय योजनाओं की भी विस्तृत जानकारी दी गई।

कार्यक्रम के अंत में दर्जा राज्यमंत्रियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विभिन्न विभागों और स्वयं सहायता समूहों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया तथा स्थानीय उत्पादों की खरीदारी कर समूहों का उत्साहवर्धन किया।

इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख अनूप कौर, उपजिलाधिकारी राहुल शाह, खंड विकास अधिकारी कमल किशोर पाण्डे, विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!