नैनीताल – जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल की अध्यक्षता में मंगलवार को जिला कार्यालय सभागार में वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना एवं दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त आवेदन-पत्रों के चयन हेतु जिला चयन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में दोनों योजनाओं के तहत प्राप्त आवेदनों का शासनादेशों एवं निर्धारित मानकों के अनुरूप परीक्षण कर पात्र आवेदकों के चयन पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक के दौरान समिति ने सभी आवेदन-पत्रों की गहन समीक्षा करते हुए आवश्यक अभिलेखों, पात्रता एवं अन्य निर्धारित मानकों का परीक्षण किया। पात्र आवेदकों के आवेदन-पत्रों को स्वीकृति प्रदान करते हुए आवश्यक संस्तुतियां दी गईं, जबकि अपूर्ण अथवा आवश्यक दस्तावेजों के अभाव वाले आवेदन-पत्रों पर नियमानुसार निर्णय लिया गया।


वीर चन्द्र सिंह गढ़वाली पर्यटन स्वरोजगार योजना के अंतर्गत वाहन श्रेणी में प्राप्त कुल 13 आवेदन-पत्रों में से 8 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 5 आवेदन निर्धारित मानकों के अनुरूप न पाए जाने पर निरस्त कर दिए गए।
इसी योजना की गैर-वाहन श्रेणी में प्राप्त 4 आवेदन-पत्रों में से 1 आवेदन स्वीकृत किया गया, जबकि 3 आवेदन आवश्यक मानकों को पूरा न करने के कारण निरस्त कर दिए गए।
वहीं दीनदयाल उपाध्याय गृह आवास (होमस्टे) विकास योजना के अंतर्गत प्राप्त 19 आवेदन-पत्रों में से 15 आवेदन स्वीकृत किए गए, जबकि 4 आवेदन अपूर्ण अथवा आवश्यक अभिलेखों के अभाव में निरस्त कर दिए गए।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि चयनित लाभार्थियों के प्रकरणों का समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि पात्र लाभार्थियों को योजनाओं का लाभ बिना किसी अनावश्यक विलंब के प्राप्त हो सके। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं का संचालन पूर्ण पारदर्शिता एवं निष्पक्षता के साथ किया जाए और यह सुनिश्चित किया जाए कि लाभ केवल वास्तविक एवं पात्र व्यक्तियों तक ही पहुंचे।
जिलाधिकारी ने कहा कि राज्य सरकार की इन योजनाओं का उद्देश्य बेरोजगार युवाओं को स्वरोजगार से जोड़कर उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना तथा प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को बढ़ावा देना है। उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए समन्वय के साथ कार्य करने और पात्र लाभार्थियों को हरसंभव सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी, सचिव जिला विकास प्राधिकरण मनीष कुमार सिंह, परियोजना निदेशक (डीएलडीए) अभिषेक, जिला लीड बैंक अधिकारी अमित बाजपेई, सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी विपिन कुमार, प्रबंधक उद्योग केंद्र रोबिन सिंह सहित जिला चयन समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।

Skip to content










