डूब क्षेत्र के ग्रामीणों की चेतावनी, मांगें पूरी नहीं हुईं तो छिड़ेगा जनआंदोलन

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल/हैड़ाखान। जमरानी बहुउद्देशीय बांध परियोजना के डूब क्षेत्र से प्रभावित परिवारों की समस्याओं को लेकर हैड़ाखान क्षेत्र के तोक ब्युरा में एक विशाल जनसभा का आयोजन किया गया। हरीश पनेरु के नेतृत्व में आयोजित इस सभा में बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लेते हुए पुनर्वास, भूमि आवंटन और रोजगार के मुद्दों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की।

जनसभा में वक्ताओं ने आरोप लगाया कि सरकार द्वारा डूब क्षेत्र से प्रभावित परिवारों को पुनर्वास के तहत एक-एक एकड़ भूमि उपलब्ध कराने तथा परिवार के एक सदस्य को रोजगार देने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन लंबे समय बाद भी इन वादों को अमलीजामा नहीं पहनाया गया है। इससे प्रभावित परिवारों में भारी रोष व्याप्त है।

सभा को संबोधित करते हुए हरीश पनेरु ने कहा कि परियोजना से प्रभावित परिवार वर्षों से अपने अधिकारों के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पा रहा है। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि एक माह के भीतर प्रत्येक प्रभावित परिवार को एक एकड़ भूमि उपलब्ध कराई जाए तथा परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने की दिशा में ठोस कार्रवाई की जाए।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर व्यापक जनआंदोलन शुरू किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके लिए शासन-प्रशासन स्वयं जिम्मेदार होगा।

सभा में उपस्थित ग्रामीणों ने भी एक स्वर में अपनी मांगों को दोहराते हुए कहा कि जब तक पुनर्वास और रोजगार संबंधी समस्याओं का समाधान नहीं होता, तब तक उनका संघर्ष जारी रहेगा। जनसभा के दौरान प्रभावित परिवारों ने सरकार से अपने वादे पूरे करने और विस्थापितों के हितों की रक्षा करने की मांग की।

और पढ़ें

error: Content is protected !!