खटीमा में सीएम धामी का प्रबुद्ध जनों से संवाद, विकसित उत्तराखंड के लिए मांगे सुझाव

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

खटीमा – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को खटीमा में आयोजित विभिन्न कार्यक्रमों में प्रतिभाग करते हुए विकसित उत्तराखंड के निर्माण में प्रबुद्ध वर्ग और कार्यकर्ताओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड केवल देवभूमि ही नहीं, बल्कि ज्ञान, संस्कृति और चेतना की भूमि है तथा समाज का प्रबुद्ध वर्ग राष्ट्र और राज्य को दिशा देने वाली सबसे महत्वपूर्ण शक्ति है।

खटीमा के एक निजी होटल में आयोजित प्रबुद्ध जन संवाद कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्यमंत्री ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यक्रम में शिक्षा, चिकित्सा, कृषि, पर्यटन, साहित्य, उद्योग और अध्यात्म सहित विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े विशेषज्ञों ने अपने विचार और सुझाव साझा किए।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रबुद्धजन समाज के “ओपिनियन मेकर्स” होते हैं और उनके सुझाव राज्य के विकास की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास” के मंत्र के साथ विकसित भारत के संकल्प की ओर तेजी से बढ़ रहा है। गरीब कल्याण अन्न योजना, जनधन योजना, आयुष्मान भारत, उज्ज्वला योजना और जल जीवन मिशन जैसी योजनाओं ने करोड़ों लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया है।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में धारा-370 की समाप्ति, अयोध्या में भव्य राम मंदिर निर्माण, तीन तलाक से मुक्ति और नागरिकता संशोधन कानून जैसे ऐतिहासिक निर्णयों ने नए भारत की दृढ़ इच्छाशक्ति को प्रदर्शित किया है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन में प्रदेश के समग्र विकास, सुशासन और सांस्कृतिक पहचान को सशक्त बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल, खेल और हवाई कनेक्टिविटी के क्षेत्र में तेजी से विकास कार्य किए जा रहे हैं। साथ ही विकसित उत्तराखंड के लक्ष्य को लेकर विभिन्न नई नीतियां लागू की गई हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य में समान नागरिक संहिता (यूसीसी), सख्त नकल विरोधी कानून, धर्मांतरण विरोधी कानून और दंगा विरोधी कानून लागू कर सामाजिक न्याय, पारदर्शिता और कानून व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाया गया है।

उन्होंने प्रबुद्ध वर्ग से आह्वान किया कि वे अपने अनुभव, ज्ञान और सुझावों से राज्य के विकास में सक्रिय भागीदारी निभाएं। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकसित उत्तराखंड का सपना केवल सरकार नहीं, बल्कि समाज और नागरिकों के सामूहिक प्रयासों से ही साकार होगा।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री धामी ने बंडिया स्थित एक निजी रिसोर्ट में आयोजित मुख्य सेवक जन संवाद कार्यक्रम में भी भाग लिया। कार्यक्रम में उनका फूल-मालाओं और तिलक के साथ भव्य स्वागत किया गया।

कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने विकास, आधारभूत संरचना, अर्थव्यवस्था, विज्ञान और तकनीक के क्षेत्र में ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। आज भारत विश्व पटल पर एक मजबूत और आत्मनिर्भर राष्ट्र के रूप में उभर रहा है।

उन्होंने मतदाता सूची विशेष पुनरीक्षण अभियान का उल्लेख करते हुए कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर पात्र मतदाताओं के नाम जोड़ने और त्रुटियों के सुधार में सहयोग करने का आह्वान किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती शुद्ध एवं पारदर्शी मतदाता सूची तथा जनभागीदारी से सुनिश्चित होती है।

कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री ने पदाधिकारियों के साथ टिफिन बैठक में भाग लिया और मध्याह्न भोजन कर संगठनात्मक विषयों पर चर्चा की। उन्होंने कार्यकर्ताओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि भाजपा की सबसे बड़ी शक्ति उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं।

इस अवसर पर दर्जा मंत्री अनिल कपूर डब्बू, रणजीत सिंह नामधारी, हुकम सिंह कुंवर, मोहन पाठक, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद जोशी, जिला पंचायत सदस्य सागर सिंह धामी, पूर्व विधायक प्रेम सिंह राणा, नगर पंचायत नानकमत्ता अध्यक्ष प्रेम सिंह टुरना, सांसद प्रतिनिधि रविंद्र राणा, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक अजय गणपति, अपर जिलाधिकारी कौस्तुभ मिश्र, अपर पुलिस अधीक्षक उत्तम सिंह नेगी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!