SIR-2026 को सर्वोच्च प्राथमिकता दें, अधिकारियों से बोले संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के अंतर्गत शनिवार को संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तराखंड प्रकाश चंद्र दुमका ने काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में जनपद नैनीताल के विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों में गणना प्रपत्र वितरण कार्यों एवं उनकी अद्यतन प्रगति की समीक्षा की।

बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने अधिकारियों को गणना प्रपत्रों के वितरण कार्य में तेजी लाने के निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक समयबद्ध तरीके से गणना प्रपत्र पहुंचाना सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी नैनीताल, नगर आयुक्त हल्द्वानी, समस्त उप जिलाधिकारियों, निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ERO) तथा सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (AERO) को अपने-अपने क्षेत्रों में कार्यों की सतत निगरानी करने के निर्देश दिए।

श्री दुमका ने कहा कि सभी ईआरओ एवं एईआरओ गणना प्रपत्र वितरण कार्य में लगे सुपरवाइजरों एवं बूथ स्तरीय अधिकारियों (BLO) से नियमित संपर्क बनाए रखें तथा समय-समय पर स्थलीय निरीक्षण भी करें। यदि वितरण कार्य में किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका तत्काल समाधान किया जाए और निर्धारित समयसीमा के भीतर कार्य पूर्ण किया जाए।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि गणना प्रपत्रों के समयबद्ध वितरण के साथ मतदाताओं से समुचित समन्वय बनाए रखा जाए तथा भारत निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का शत-प्रतिशत अनुपालन सुनिश्चित किया जाए। साथ ही प्रतिदिन की प्रगति रिपोर्ट आयोग को उपलब्ध कराने के भी निर्देश दिए गए।

समीक्षा बैठक के दौरान संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने दूरभाष के माध्यम से बूथ स्तरीय अधिकारियों से वार्ता कर गणना प्रपत्र वितरण की स्थिति और जमीनी स्तर पर आ रही समस्याओं की जानकारी भी प्राप्त की।

उन्होंने निर्वाचन कार्य में लगे सभी कार्मिकों से विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सर्वोच्च प्राथमिकता देने का आह्वान करते हुए कहा कि प्रत्येक पात्र मतदाता तक गणना प्रपत्र की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए तथा नियमित समीक्षा के माध्यम से कार्य को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जाए।

बैठक में अपर जिलाधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी विवेक राय, नगर आयुक्त ए.पी. बाजपेई, सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी हंसा दत्त पांडे, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!