कैंची धाम मेले से पहले हाई अलर्ट, मंदिर परिसर में सुरक्षा एजेंसियों की पैनी नजर

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – विश्व प्रसिद्ध कैंची धाम स्थापना दिवस एवं बाबा नीम करौली महाराज जन्मोत्सव मेला-2026 के मद्देनजर नैनीताल पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत कर दिया है। मेले के सफल, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित आयोजन के लिए मंदिर परिसर, पार्किंग स्थलों, शटल सेवा मार्गों, प्रमुख यातायात मार्गों तथा जनपद की सीमाओं पर सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीमों द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों एवं लावारिस वस्तुओं की गहन जांच की जा रही है। जनपद के सभी प्रमुख बैरियरों और चेक पोस्टों पर आने-जाने वाले वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है तथा संदिग्ध गतिविधियों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए मंदिर परिसर में डॉग स्क्वाड, बम निरोधक दस्ता और एंटी सबोटाज टीम द्वारा लगातार निरीक्षण एवं सुरक्षा जांच की जा रही है। इसके अलावा पार्किंग स्थलों, बस स्टैंड, टैक्सी स्टैंड, होटल, धर्मशालाओं और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में भी विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है।

मेले के दौरान यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने और श्रद्धालुओं को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न मार्गों और महत्वपूर्ण चेकिंग प्वाइंटों पर पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया गया है। पुलिस अधिकारी लगातार व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके।

नैनीताल पुलिस ने आमजन एवं श्रद्धालुओं से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति, वाहन या लावारिस वस्तु की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस कर्मी अथवा कंट्रोल रूम को दें। साथ ही सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें तथा निर्धारित पार्किंग एवं यातायात नियमों का पालन करें।

पुलिस प्रशासन का कहना है कि कैंची धाम मेले में आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा और सुविधा सुनिश्चित करने के लिए व्यापक इंतजाम किए गए हैं तथा नैनीताल पुलिस पूरी मुस्तैदी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन कर रही है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!