भीमताल/धारी – भीमताल विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर सड़क सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। धारी ब्लॉक के ग्राम सभा महतोलियागांव स्थित नदगल गांव के लिए मोटर मार्ग निर्माण तथा ओखलकांडा ब्लॉक के टकूरा वन चौकी से जमराड़ी तक मोटर मार्ग के डामरीकरण हेतु कुल 1 करोड़ 35 लाख रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है।
धारी ब्लॉक के नदगल गांव के ग्रामीण लंबे समय से मोटर मार्ग निर्माण की मांग कर रहे थे। सड़क सुविधा के अभाव में ग्रामीणों को दैनिक उपयोग की सामग्री मुख्य मार्ग से पैदल ढोकर लानी पड़ती थी। वहीं बीमार व्यक्तियों को अस्पताल तक पहुंचाने के लिए घोड़ों अथवा कंधों का सहारा लेना पड़ता था, जिससे ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ता था।


ग्रामीणों की मांग पर विधायक एवं मंत्री राम सिंह कैड़ा ने मामले को गंभीरता से लेते हुए मुख्यमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत मोटर मार्ग निर्माण का प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश विभागीय अधिकारियों को दिए थे। इसके बाद उनके प्रयासों से नदगल मोटर मार्ग निर्माण के लिए लगभग 67.41 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हुई।
इसके अतिरिक्त ओखलकांडा ब्लॉक के टकूरा वन चौकी से जमराड़ी तक मोटर मार्ग की जर्जर स्थिति को देखते हुए इसके डामरीकरण के लिए 67.64 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कराई गई है। इस मार्ग की खराब स्थिति के कारण दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती थी, जिससे स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।
मंत्री राम सिंह कैड़ा ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को शीघ्र टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य प्रारंभ करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि जल्द ही नदगल मोटर मार्ग निर्माण और टकूरा-जमराड़ी मार्ग के डामरीकरण का कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
इस दौरान मंत्री कैड़ा ने रामगढ़ ब्लॉक के कांडा, झूतिया, तल्ला रामगढ़ और बोहराकून सहित विभिन्न गांवों का भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के त्वरित समाधान के निर्देश भी दिए।
मंत्री कैड़ा ने कहा कि भीमताल विधानसभा क्षेत्र के ओखलकांडा, धारी, रामगढ़ और भीमताल ब्लॉकों में क्षतिग्रस्त सड़कों के डामरीकरण और नई सड़कों के निर्माण का कार्य लगातार कराया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल और बिजली जैसी मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने के लिए सरकार प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है।
उन्होंने क्षेत्रीय जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग और विश्वास के बल पर विकास कार्यों को गति दी जा रही है। वहीं ग्रामीणों ने सड़क निर्माण एवं डामरीकरण कार्यों की स्वीकृति मिलने पर मंत्री राम सिंह कैड़ा का आभार जताया।

Skip to content










