लालकुआं – नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” के तहत लालकुआं पुलिस ने एक तस्कर को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 7.35 ग्राम स्मैक बरामद की है। आरोपी ने पुलिस से बचने के लिए स्मैक को रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे में छिपाकर रखा था, लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते उसका भंडाफोड़ हो गया।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जिलेभर में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल तथा क्षेत्राधिकारी लालकुआं अमित कुमार सैनी के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक बृजमोहन सिंह राणा के नेतृत्व में गठित टीम द्वारा संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग की जा रही थी।


पुलिस के अनुसार 8 जून 2026 को बिंदुखत्ता चौकी पुलिस टीम गश्त और चेकिंग अभियान पर थी। इसी दौरान गांधीनगर प्रथम से टूटी पुलिया जाने वाले मार्ग पर एक संदिग्ध व्यक्ति को रोककर तलाशी ली गई। जांच के दौरान उसके पास मौजूद रसगुल्ले के प्लास्टिक डिब्बे के अंदर एक पारदर्शी पन्नी में 7.35 ग्राम स्मैक बरामद हुई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान हरिशंकर बोरा उर्फ गुड्डू पुत्र शेर सिंह बोरा निवासी गांधीनगर प्रथम, बिंदुखत्ता, लालकुआं के रूप में हुई है।
पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह स्मैक को सुंदर नामक व्यक्ति से 3500 रुपये प्रति ग्राम के हिसाब से खरीदकर लाता था और आसपास के युवाओं को बेचता था। पुलिस ने आरोपी के बयान के आधार पर सुंदर नामक व्यक्ति के खिलाफ भी एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं में कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ कोतवाली लालकुआं में एफआईआर संख्या 86/2026 के तहत धारा 08/21/29 एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरोपी को नियमानुसार न्यायालय में पेश किया जाएगा।
गिरफ्तारी टीम में शामिल पुलिसकर्मी:
उपनिरीक्षक गौरव जोशी (चौकी प्रभारी बिंदुखत्ता), कांस्टेबल वीरेंद्र सिंह, कांस्टेबल दयाल नाथ, कांस्टेबल आनंद पुरी एवं कांस्टेबल खीम सिंह।

Skip to content











