विश्व पर्यावरण दिवस पर विकास और पर्यावरण का संदेश, सीएम धामी ने दी करोड़ों की योजनाएं

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

भीमताल/नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भीमताल से जनपद नैनीताल को 96 करोड़ 71 लाख 19 हजार रुपये की 13 विकास योजनाओं की सौगात दी। मुख्यमंत्री ने 66 करोड़ 99 लाख 60 हजार रुपये की लागत से छह योजनाओं का लोकार्पण तथा 29 करोड़ 71 लाख 59 हजार रुपये की लागत से सात योजनाओं का शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं भी कीं।

रामलीला मैदान भीमताल में आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को विश्व पर्यावरण दिवस की शुभकामनाएं दीं और पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड की पहचान उसके जंगल, जल स्रोत, हिमालय और जैव विविधता से है तथा इनका संरक्षण हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि जलवायु परिवर्तन आज पूरी दुनिया के सामने बड़ी चुनौती बनकर खड़ा है और इसका प्रभाव सबसे पहले हिमालयी राज्यों पर दिखाई देता है। बदलता मौसम, घटते जल स्रोत, पिघलते ग्लेशियर और बढ़ती प्राकृतिक आपदाएं हमें लगातार सचेत कर रही हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत “प्रकृति भी और प्रगति भी” के मंत्र पर आगे बढ़ रहा है तथा “मिशन लाइफ” और “एक पेड़ मां के नाम” जैसे अभियान पर्यावरण संरक्षण को जनभागीदारी से जोड़ रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों से अपनी माता के नाम एक पौधा लगाने और उसे वृक्ष बनने तक संरक्षित रखने का आह्वान किया। उन्होंने वनाग्नि की घटनाओं को रोकने में जनसहयोग की आवश्यकता बताते हुए कहा कि जंगलों को बचाना हम सभी की जिम्मेदारी है।

शिक्षा, स्वास्थ्य और सड़क विकास को मिली मजबूती

मुख्यमंत्री ने जिन प्रमुख योजनाओं का लोकार्पण किया उनमें कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल के प्रशासनिक भवन, योगा भवन, गणित एवं बीएड भवन का निर्माण, डीएसबी परिसर में छात्रावास और आईटी लैब निर्माण, सोनगांव में लेक्चर एवं सेमिनार ब्लॉक निर्माण, हरतोला-सतपूड़ी मोटर मार्ग का सुदृढ़ीकरण तथा भीमताल में 10 शैय्यायुक्त आयुष चिकित्सालय का निर्माण शामिल है।

वहीं शिलान्यास की गई योजनाओं में काठगोदाम बाईपास मोटर मार्ग, काठगोदाम-रानीबाग स्टील ट्रस सेतु, रामनगर-भंडारपानी-अमगढ़ी-बोहराकोट-बेतालघाट मोटर मार्ग सहित कई सड़क एवं आयुर्वेदिक चिकित्सा से जुड़ी परियोजनाएं शामिल हैं।

भीमताल क्षेत्र के लिए की अहम घोषणाएं

मुख्यमंत्री ने भीमताल विधानसभा क्षेत्र के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए कहा कि भीमताल में सैनिकों और व्यापारियों के लिए बहुउद्देशीय भवन बनाया जाएगा। भीमेश्वर मंदिर और ओखलकांडा स्थित पशुपतिनाथ मंदिर को मंदिर माला मिशन में शामिल किया जाएगा। रामगढ़ उप तहसील का शीघ्र संचालन शुरू किया जाएगा तथा क्षेत्र में प्राधिकरण संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए उच्च स्तरीय समिति गठित की जाएगी।

उन्होंने लोक कलाकारों और लोक गायकों से भी पर्यावरण संरक्षण और नशामुक्ति अभियान को अपने गीतों के माध्यम से जनआंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।

इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री एवं स्थानीय विधायक राम सिंह कैड़ा ने मुख्यमंत्री का स्वागत करते हुए क्षेत्र में संचालित विकास योजनाओं की जानकारी दी और राज्य सरकार की जनकल्याणकारी नीतियों की सराहना की। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!