‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान से जुड़े राज्यपाल, रुद्राक्ष का पौधा लगाकर दिया संदेश

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल गुरमीत सिंह (सेवानिवृत्त) ने गुरुवार को लोक भवन, नैनीताल परिसर में आयोजित ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत रुद्राक्ष का पौधा लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उन्होंने नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्षारोपण कर प्रकृति संरक्षण में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।

राज्यपाल ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि इसे हमारी जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बनना चाहिए। उन्होंने कहा कि स्वच्छ, सुरक्षित और हरित वातावरण भावी पीढ़ियों के बेहतर भविष्य की आधारशिला है। इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझते हुए वृक्षारोपण और प्रकृति संरक्षण के कार्यों में योगदान देना चाहिए।

इस अवसर पर प्रथम महिला गुरमीत कौर ने भी ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत चंदन का पौधा रोपित कर पर्यावरण संरक्षण के प्रति अपनी प्रतिबद्धता व्यक्त की। उन्होंने भी लोगों से अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनकी देखभाल करने का संदेश दिया।

राज्यपाल ने कहा कि वृक्ष न केवल पर्यावरण संतुलन बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं, बल्कि जल संरक्षण, जैव विविधता और स्वच्छ वायु सुनिश्चित करने में भी सहायक होते हैं। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया कि वे पर्यावरण संरक्षण को जन आंदोलन का स्वरूप दें।

कार्यक्रम के दौरान अपर सचिव राज्यपाल  रीना जोशी, उप सचिव लक्ष्मण राम आर्या सहित लोक भवन के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने भी पौधारोपण कर अभियान में सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर आयोजित यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण के प्रति जनजागरूकता बढ़ाने तथा हरित उत्तराखंड के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!