मुक्तेश्वर – जनपद नैनीताल में अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ चलाए जा रहे “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत मुक्तेश्वर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के एक लंबे समय से फरार चल रहे वारंटी अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार विशेष सत्र परीक्षण संख्या 20/2019 धारा 8/22 एनडीपीएस एक्ट के तहत आरोपी के खिलाफ माननीय न्यायालय द्वारा गैर-जमानती वारंट जारी किया गया था। इसके बाद से आरोपी लगातार फरार चल रहा था और पुलिस से बचने का प्रयास कर रहा था।


एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र के मार्गदर्शन तथा सीओ भवाली रविकांत सेमवाल के पर्यवेक्षण में मुक्तेश्वर पुलिस द्वारा लगातार आरोपी की तलाश की जा रही थी। सटीक सूचना और त्वरित कार्रवाई के आधार पर पुलिस टीम ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजपाल पुत्र तोता राम निवासी ग्राम बिहारीपुर, थाना क्यारा/क्वेलडिया, जिला बरेली (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। आरोपी की उम्र 26 वर्ष बताई गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद माननीय न्यायालय में पेश किया जा रहा है।
गिरफ्तारी टीम में उपनिरीक्षक हरि राम और कांस्टेबल अशोक कुमार शामिल रहे।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि अपराधियों और वारंटियों के खिलाफ “ऑपरेशन प्रहार” अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Skip to content










