नैनीताल – शादी का झांसा देकर महिला के साथ संबंध बनाने के आरोप में दर्ज मुकदमे के बाद पुलिस ने मामले में सख्ती बढ़ाते हुए संबंधित व्यक्तियों और उनके साथ घूम रहे बाउंसरों एवं हथियारबंद गनरों के खिलाफ कार्रवाई की है।
पुलिस के अनुसार 14 मई 2026 को एक महिला ने कोतवाली मल्लीताल में तहरीर देकर आरोप लगाया कि नरेश पाण्डे ने शादी का झांसा देकर उसके साथ संबंध बनाए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


इसी दौरान पुलिस को सूचना मिली कि भवाली क्षेत्र में कुछ लोग हथियारबंद गार्डों और तथाकथित बाउंसरों के साथ घूमकर भय और दहशत का माहौल बना रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए संबंधित लोगों को कोतवाली भवाली बुलाकर सत्यापन, पूछताछ और हथियारों के लाइसेंस की जांच की।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि एक लाइसेंसी हथियार का उपयोग निर्धारित शर्तों के विपरीत दूसरे व्यक्ति की सुरक्षा में किया जा रहा था। पुलिस ने मामले में आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए हथियार जब्त कर लिया है तथा लाइसेंस निरस्तीकरण के लिए रिपोर्ट भेजने की प्रक्रिया शुरू की गई है।
इसके अलावा दो अन्य बाउंसरों के खिलाफ भी वैधानिक कार्रवाई की गई है। पुलिस ने सभी संबंधित लोगों से पूछताछ कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि जनपद में हथियारों और बाउंसरों के जरिए भय का माहौल बनाने की कोशिश किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल के निर्देश पर “ऑपरेशन प्रहार” अभियान के तहत अपराधी प्रवृत्ति के लोगों और कानून व्यवस्था प्रभावित करने वालों के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

Skip to content










