Breaking News

उत्तराखंड ने खोया सादगी और ईमानदारी का प्रतीक,पूर्व मुख्यमंत्री बीसी खंडूड़ी को नम आंखों से अंतिम विदाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादून – उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) भुवन चंद्र खंडूड़ी के निधन से पूरे प्रदेश में शोक की लहर है। अपने सादगीपूर्ण जीवन, अनुशासन, स्पष्टवादिता और ईमानदार छवि के लिए पहचाने जाने वाले बीसी खंडूड़ी ने देश सेवा से लेकर जनसेवा तक अपनी अलग पहचान बनाई।

पूर्व मुख्यमंत्री के निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और प्रशासनिक क्षेत्रों में शोक व्यक्त किया गया। देहरादून स्थित उनके आवास से निकली अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में लोगों ने शामिल होकर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में नेताओं, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों ने उनके अंतिम दर्शन कर भावभीनी विदाई दी।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय पहुंचकर स्व. खंडूड़ी के पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित किया और उन्हें कंधा देकर अंतिम विदाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का संपूर्ण जीवन राष्ट्रसेवा, अनुशासन और ईमानदारी के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास और जनसेवा में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।

सुबह देहरादून स्थित वसंत विहार आवास से अंतिम यात्रा शुरू हुई, जिसके बाद पार्थिव शरीर को भाजपा प्रदेश कार्यालय लाया गया। यहां अंतिम दर्शन के बाद हरिद्वार के लिए प्रस्थान किया गया, जहां पूरे राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार संपन्न हुआ।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने राज्य में तीन दिन के राजकीय शोक की घोषणा की है।

स्व. बीसी खंडूड़ी के परिवार में पत्नी अरुणा खंडूड़ी, बेटी ऋतु भूषण खंडूड़ी और पुत्र मनीष खंडूड़ी हैं। ऋतु खंडूड़ी वर्तमान में उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष हैं, जबकि मनीष खंडूड़ी भी सक्रिय राजनीति से जुड़े हुए हैं।

इस अवसर पर विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूड़ी भूषण, भाजपा संगठन महामंत्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत, विधायक खजान दास, मेयर सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष सिद्धार्थ अग्रवाल सहित कई जनप्रतिनिधि, भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!