काशीपुर- माननीय आयुक्त कर महोदया के निर्देशन, अपर आयुक्त के मार्गदर्शन एवं संयुक्त आयुक्त (वि.अनु.शा./प्र.) के नेतृत्व में वित्तीय वर्ष 2026-27 के निर्धारित राजस्व लक्ष्य की प्राप्ति तथा कर अपवंचन पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु गुरुवार 14 मई 2026 को काशीपुर में व्यापक जांच अभियान चलाया गया।
संयुक्त आयुक्त (विशेष अनुसंधान शाखा/प्रवर्तन) काशीपुर द्वारा गठित 4 जांच दलों ने 3 टायर ट्रेडिंग फर्मों एवं 1 इवेंट मैनेजमेंट इकाई पर सर्वेक्षण, जांच एवं अभिग्रहण की कार्रवाई की। संबंधित इकाइयों की व्यापारिक गतिविधियों और कार्यप्रणाली की पूर्व से गहन निगरानी की जा रही थी।


प्रारंभिक जांच में सामने आया कि संबंधित फर्मों द्वारा वर्ष 2023-24 से 2025-26 तक तथा वर्तमान अवधि में दिल्ली, उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड की विभिन्न फर्मों से खरीद कर बिक्री की जा रही थी, लेकिन उनकी समस्त बिक्री को लेखों में प्रदर्शित नहीं किया गया। वहीं इवेंट प्रबंधन से जुड़ी एक इकाई बिना पंजीकरण के कर योग्य सीमा से अधिक सेवाएं प्रदान करती पाई गई।
जांच दलों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों एवं गोदामों में उपलब्ध स्टॉक का भौतिक सत्यापन किया और उसका मिलान फर्मों द्वारा प्रस्तुत अभिलेखों से किया। लेखों से बाहर पाए गए स्टॉक को लेकर संचालकों से पूछताछ भी की गई। सर्वे के दौरान कई महत्वपूर्ण रिकॉर्ड अग्रेतर जांच हेतु कब्जे में लिए गए।
प्रारंभिक जांच में टायर ट्रेडिंग से जुड़ी एक फर्म ने अघोषित बिक्री स्वीकार करते हुए लगभग ₹70 लाख की आंशिक कर देनदारी राजकोष में जमा कराई है।
समाचार लिखे जाने तक देर शाम 7 बजे भी कार्रवाई जारी थी और अन्य फर्मों द्वारा संभावित कर अपवंचन का आकलन किया जा रहा था।
कार्रवाई में विनय ओझा, जीशान मलिक, कविता, अमर, राहुल विश्वजीत, मुकेश, कुशल, अनिल एवं यासीर सहित विभागीय अधिकारी शामिल रहे।

Skip to content










