हल्द्वानी – हल्द्वानी से कांग्रेस विधायक सुमित हृदयेश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ईंधन बचत और सोने की खरीदारी को लेकर की गई अपील तथा उत्तराखंड सरकार द्वारा “नो व्हीकल डे” सहित लिए गए फैसलों पर सवाल उठाए हैं।
विधायक सुमित हृदयेश ने कहा कि सरकार को जनता के सामने यह स्पष्ट करना चाहिए कि आखिर ऐसी कौन सी परिस्थितियां बन रही हैं, जिनके चलते इस प्रकार के निर्णय लेने पड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ईंधन बचत को लेकर लोगों से अपील कर रही है तो सार्वजनिक परिवहन और वैकल्पिक यातायात व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में भी स्पष्ट योजना सामने आनी चाहिए।


उन्होंने कहा कि आम जनता के मन में यह सवाल उठ रहा है कि क्या देश किसी बड़े संकट की ओर बढ़ रहा है। सरकार को इस विषय पर स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए ताकि लोगों के बीच भ्रम की स्थिति न बने।
वहीं प्रतियोगी परीक्षाओं में कथित पेपर लीक मामलों को लेकर भी विधायक सुमित हृदयेश ने चिंता जताई। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय स्तर की परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताएं युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चिंता का विषय हैं।
उन्होंने कहा कि परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और विश्वास बनाए रखना बेहद जरूरी है, क्योंकि लाखों छात्र-छात्राएं वर्षों की मेहनत और तैयारी के बाद इन परीक्षाओं में शामिल होते हैं। ऐसी घटनाओं से युवाओं में निराशा और असंतोष बढ़ता है।

Skip to content










