सितारगंज में 1.5 करोड़ के हाथी दांत के साथ दो वन्यजीव तस्कर गिरफ्तार, अंतरराष्ट्रीय तस्करी का खुलासा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

देहरादून/सितारगंज – उत्तराखंड स्पेशल टास्क फोर्स (एसटीएफ) को वन्यजीव तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। एसटीएफ ने उधम सिंह नगर के सितारगंज क्षेत्र में कार्रवाई करते हुए दो शातिर वन्यजीव तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके कब्जे से लगभग 7 किलो 820 ग्राम वजनी हाथी दांत बरामद हुआ है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1.5 करोड़ रुपये आंकी जा रही है।

यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ अजय सिंह के निर्देशन में की गई। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ द्वारा राज्य में वन्यजीवों के खिलाफ हो रहे अपराधों और अवैध तस्करी पर सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए थे, जिसके तहत एसटीएफ को सक्रिय रूप से अभियान चलाने को कहा गया था।

एसटीएफ को सूचना मिली थी कि सितारगंज क्षेत्र में हाथी दांत और वन्यजीवों के अंगों की अवैध तस्करी की जा रही है। इस सूचना को स्थानीय सूत्रों के माध्यम से पुख्ता करने के बाद कुमाऊं एसटीएफ यूनिट और वन विभाग की संयुक्त टीम ने बराकोली वन रेंज, कल्याणपुर क्षेत्र में देर रात सघन चेकिंग अभियान चलाया।

चेकिंग के दौरान दो संदिग्ध व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया। तलाशी लेने पर उनके पास से एक हाथी दांत बरामद हुआ, जिसकी लंबाई लगभग 3 फीट 3 इंच, गोलाई 13 इंच और वजन करीब 7 किलो 820 ग्राम है।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मरतुंजय हलदार (32 वर्ष) और माणिक मंडल (35 वर्ष), निवासी शक्तिफार्म, थाना सितारगंज के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से एक बजाज प्लेटिना मोटरसाइकिल (नंबर UK 06 AP 0178) भी बरामद की है।

एसटीएफ के अनुसार, हाथी दांत और वन्यजीवों के अंग वन्यजीव संरक्षण अधिनियम की पहली अनुसूची में शामिल हैं और इनका शिकार या तस्करी गंभीर अपराध है। इस संबंध में बराकोली रेंज में आरोपियों के खिलाफ वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसएसपी एसटीएफ अजय सिंह ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के आधार पर मामले की गहन जांच की जा रही है। यदि इसमें अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने आमजन से अपील की है कि वन्यजीव तस्करी से जुड़ी किसी भी जानकारी की सूचना तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन या एसटीएफ उत्तराखंड के हेल्पलाइन नंबर 0135-2656202 पर दें।

इस अभियान में एसटीएफ के निरीक्षक विकास चौधरी, उपनिरीक्षक विपिन चंद्र जोशी, उपनिरीक्षक कृष्ण गोपाल मठपाल सहित अन्य पुलिसकर्मी और वन विभाग बराकोली रेंज की टीम के अधिकारी शामिल रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!