Breaking News

जन समस्याओं को लेकर लगा तहसील दिवस, 92 मामलों में 22 का मौके पर समाधान, डीएम बोले—लापरवाही पर होगी कार्रवाई

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

खटीमा – मंगलवार को विकास खंड सभागार खटीमा में जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन किया गया। इस दौरान जिलाधिकारी ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित निस्तारण सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे समस्याओं को शांत मन और संवेदनशीलता के साथ सुनें तथा तहसील दिवस में पंजीकृत शिकायतों का निर्धारित समय सीमा के भीतर गंभीरता से समाधान सुनिश्चित करें।

जिलाधिकारी ने कहा कि समस्या जिस स्तर की है, उसका समाधान उसी स्तर पर किया जाए, ताकि आमजन को अनावश्यक परेशानी का सामना न करना पड़े। उन्होंने सभी विभागीय अधिकारियों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने और सरकारी योजनाओं का लाभ जनता तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

तहसील दिवस में सड़क, नाली निर्माण, हैंडपंप, शिक्षा, आधार कार्ड, राशन कार्ड, पेयजल, बिजली और भूमि संबंधी कुल 92 शिकायतें दर्ज की गईं, जिनमें से 22 शिकायतों का मौके पर ही निस्तारण किया गया। जिलाधिकारी ने 40 समस्याओं को विभिन्न योजनाओं में शामिल करने के निर्देश भी दिए।

उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी कार्यदायी संस्था द्वारा नगर निकाय या लोक निर्माण विभाग की अनुमति के बिना सड़क खोदी जाती है तो संबंधित के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही शिक्षा विभाग को निर्देश दिए गए कि शिक्षा का अधिकार अधिनियम के तहत पूरी पारदर्शिता के साथ बच्चों का विद्यालयों में प्रवेश सुनिश्चित किया जाए।

तहसील दिवस में विभिन्न क्षेत्रों से आए लोगों ने अपनी समस्याएं रखीं। ग्राम जरासु प्रतापपुर निवासी इन्द्रजीत सिंह ने भूमि स्वामित्व दिलाने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने उप जिलाधिकारी को जांच कर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। वार्ड संख्या-14 तिलक नगर निवासी संतोष मेहरोत्रा ने ऐंठा नाले से अतिक्रमण हटाकर सफाई कराने तथा वर्षाकाल से पूर्व जल निकासी व्यवस्था सुनिश्चित करने का अनुरोध किया, जिस पर जिलाधिकारी ने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी एवं सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता को मौके का निरीक्षण कर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए।

ग्राम पंचायत नदन्ना में जलभराव की समस्या को लेकर ग्राम प्रधान माया जोशी ने निराकरण की मांग की, जिस पर खंड विकास अधिकारी को वर्षाकाल से पूर्व जल निकासी की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया। आदर्श कॉलोनी भुड़ महोलिया के निवासियों ने वर्षा जल निकासी के लिए 100 मीटर नाली निर्माण की मांग रखी, जिस पर नगर पालिका को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

श्रीपुर बिछुआ क्षेत्र के निवासियों ने कृषकों की भूमि पर अवैध रास्ता बनाए जाने के प्रस्ताव को रोकने की मांग की, जिस पर उप जिलाधिकारी को जांच कर समाधान करने के निर्देश दिए गए। क्षेत्र पंचायत सदस्य चारूबेटा कमलेश सिंह ने ग्राम पंचायत में 15 हैंडपंप लगाने की मांग की, जिस पर जल संस्थान और जल निगम को पेयजल समस्या के समाधान के निर्देश दिए गए।

ग्राम प्रधान आलाविर्दी चन्द्रकला ने राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय चटियाफार्म में वाटर कूलर और पंखे लगाने की मांग की, जिस पर मुख्य शिक्षा अधिकारी को निरीक्षण कर आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। ग्राम प्रधान नौसर महेन्द्र पाल ने सरकारी सस्ता गल्ला विक्रेता को हटाने की मांग की, जिस पर जिला पूर्ति अधिकारी को जांच कर कार्रवाई करने को कहा गया।

इसके अलावा क्षेत्र पंचायत सदस्य नगला तराई सनकेशी ने नई बस्ती नगला तराई में नाली निर्माण एवं मरम्मत की मांग रखी, जिस पर खंड विकास अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर समाधान करने के निर्देश दिए गए।

तहसील दिवस में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, नगर पालिका अध्यक्ष रमेश चंद्र जोशी, ब्लॉक प्रमुख सरिता राणा, सांसद प्रतिनिधि रविन्द्र सिंह राणा, दर्जा मंत्री राजपाल सिंह, सतीश भट्ट, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उप जिलाधिकारी तुषार सैनी, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. केके अग्रवाल, मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. आशुतोष जोशी, अधिशासी अभियंता लघु सिंचाई सुशील कुमार, जल संस्थान के अजय कुमार, तहसीलदार बीरेन्द्र सजवान, जिला समाज कल्याण अधिकारी अमन अनिरुद्ध, अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी नंदिनी तोमर, सहायक निदेशक दुग्ध राजेन्द्र सिंह चौहान, खंड शिक्षा अधिकारी भानु प्रताप, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत जीएस भट्ट, खंड विकास अधिकारी संजय कुमार गांधी सहित ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य एवं अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!