नैनीताल – नोटरी अधिवक्ता पूरन सिंह भाकुनी की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत का मामला लगातार गहराता जा रहा है। एक ओर पुलिस उपलब्ध तथ्यों के आधार पर इसे आत्महत्या मानकर जांच आगे बढ़ा रही है, वहीं दूसरी ओर मृतक के करीबी अधिवक्ताओं के बीच घटनास्थल से मिले साक्ष्यों को लेकर सवाल उठने लगे हैं। फिलहाल परिजनों की ओर से पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।
मंगलवार को तल्लीताल पुलिस ने घटनास्थल के पार्किंग क्षेत्र और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। इसके साथ ही पिछले दिनों की रिकॉर्डिंग भी खंगाली जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि मृतक किन-किन स्थानों पर गया, किससे मिला और घटनाक्रम से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलू क्या रहे।


पुलिस मृतक के परिजनों और करीबियों से भी लगातार पूछताछ कर रही है, जिससे मामले की सच्चाई तक पहुंचा जा सके। हालांकि अब तक अधिवक्ता के परिजनों और जिला बार के सदस्यों की ओर से कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।
इस संबंध में थाना प्रभारी मनोज नयाल ने बताया कि सुरक्षा के मद्देनजर मृतक की कार को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है और सभी तथ्यों को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के अंतिम निष्कर्षों का इंतजार कर रही है। रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मामला आत्महत्या का है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है।

Skip to content










