गदरपुर – शासन के निर्देशों के तहत स्वास्थ्य विभाग और तहसील प्रशासन की संयुक्त टीम ने शुक्रवार को गदरपुर क्षेत्र में संचालित अल्ट्रासाउंड केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण का उद्देश्य पीसीपीएनडीटी अधिनियम के तहत आवश्यक दस्तावेजों एवं व्यवस्थाओं की स्थिति का जायजा लेना था।
निरीक्षण टीम में तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट, अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एस.पी. सिंह, जिला समन्वयक प्रदीप मेहर और अधिशासी सहायक गोपाल आर्य शामिल रहे। टीम ने केंद्रों के तकनीकी कक्षों, रजिस्ट्रेशन काउंटर और अभिलेखों का गहन निरीक्षण किया।


सबसे पहले टीम ने तराई हॉस्पिटल और महाजन हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहां सभी व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं। एएनसी रजिस्टर, लॉग बुक और फॉर्म-एफ का रख-रखाव मानकों के अनुरूप पाया गया।
इसके बाद टीम ने अल्फा हॉस्पिटल का निरीक्षण किया, जहां कुछ प्रक्रियात्मक खामियां सामने आईं। जांच के दौरान रिकॉर्ड में ओवरराइटिंग और कटिंग पाई गई, साथ ही एएनसी रजिस्टर में मरीजों का पूरा पता दर्ज नहीं था।
इन कमियों को गंभीरता से लेते हुए टीम ने अस्पताल प्रबंधन को सुधार के निर्देश दिए। एसीएमओ डॉ. एस.पी. सिंह ने बताया कि स्पष्टीकरण के लिए अस्पताल को नोटिस जारी किया जाएगा, ताकि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही न हो।
तहसीलदार देवेंद्र सिंह बिष्ट ने सभी केंद्र संचालकों को निर्देशित किया कि दस्तावेजों में पूर्ण पारदर्शिता रखें और मरीजों की संपूर्ण जानकारी अनिवार्य रूप से दर्ज करें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया कि इस प्रकार के निरीक्षण नियमित रूप से जारी रहेंगे, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं में गुणवत्ता और पारदर्शिता सुनिश्चित की जा सके।

Skip to content










