नैनीताल – शहर में रसोई गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई नजर आ रही है। हालात यह हैं कि गैस सिलिंडर पाने के लिए लोगों को देर रात से ही लाइन में लगना पड़ रहा है, जिससे आम उपभोक्ताओं को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
तल्लीताल धर्मशाला के पास सिलिंडरों की लंबी कतारें देर रात से ही लगनी शुरू हो जाती हैं। स्थिति ऐसी बन गई है कि कुछ लोग लाइन में जगह सुनिश्चित करने के लिए मजदूरों को पैसे देकर सिलिंडर लगवा रहे हैं। सुबह जब आम उपभोक्ता गैस लेने पहुंचते हैं, तब तक कई बार सिलिंडर खत्म हो जाते हैं।


स्थानीय लोगों का आरोप है कि व्यवस्था में पारदर्शिता की कमी है और प्रशासन के निर्देशों के बावजूद कोई ठोस सुधार नहीं हुआ है। उपभोक्ताओं को गैस पाने के लिए अलग-अलग तरीके अपनाने पड़ रहे हैं, जिससे व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
वहीं गैस एजेंसी प्रबंधन का कहना है कि लोग अनावश्यक रूप से एक दिन पहले ही लाइन लगाना शुरू कर देते हैं, जिससे अव्यवस्था की स्थिति बनती है।
मामले में उपजिलाधिकारी ने शिकायत मिलने की पुष्टि करते हुए कहा है कि जांच कराई जाएगी और गैस वितरण नियमों के अनुसार ही सुनिश्चित किया जाएगा।
स्थानीय लोगों ने मांग की है कि गैस वितरण व्यवस्था को व्यवस्थित और पारदर्शी बनाया जाए, ताकि आम उपभोक्ताओं को राहत मिल सके।

Skip to content










