हल्द्वानी/कालाढुंगी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टी.सी. के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘पुलिस आपके द्वार’ अभियान के तहत कालाढुंगी पुलिस ने कोटाबाग क्षेत्र के ग्राम पंचायत रियाड़ से जुड़े नए गाँव में जागरूकता एवं जन-संवाद कार्यक्रम (ग्राम चौपाल) आयोजित किया। कार्यक्रम का उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षा, कानून व्यवस्था और सामाजिक मुद्दों के प्रति जागरूक करना रहा।
चौपाल का आयोजन एसपी हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल, क्षेत्राधिकारी रामनगर सुमित पांडे और प्रभारी निरीक्षक कालाढुंगी अरुण कुमार सैनी के नेतृत्व में किया गया। वरिष्ठ उपनिरीक्षक पंकज जोशी और चौकी प्रभारी उपनिरीक्षक देवेंद्र राणा ने कार्यक्रम को संचालित किया।


कार्यक्रम में पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को महत्वपूर्ण जानकारियां दीं। बताया गया कि अब यह क्षेत्र राजस्व पुलिस से हटकर नियमित पुलिस के दायरे में आ गया है, जिससे कानून व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी।
साइबर अपराधों के बढ़ते मामलों को देखते हुए ग्रामीणों को साइबर ठगी से बचने के उपाय बताए गए। साथ ही किसी भी वित्तीय धोखाधड़ी की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर संपर्क करने की सलाह दी गई।
नशा मुक्त समाज के निर्माण पर जोर देते हुए युवाओं और अभिभावकों से नशे के खिलाफ जागरूक रहने और अवैध गतिविधियों की सूचना पुलिस को देने की अपील की गई। इसके अलावा बाहरी व्यक्तियों, किरायेदारों और रेहड़ी-फड़ संचालकों का अनिवार्य पुलिस सत्यापन कराने के निर्देश भी दिए गए।
महिला सुरक्षा को लेकर ‘गौरा शक्ति मॉड्यूल’ और महिला अधिकारों से जुड़े कानूनों की जानकारी साझा की गई, जिससे महिलाओं को सशक्त बनाने पर बल दिया गया।
चौपाल के दौरान ग्रामीणों ने अपनी समस्याएं पुलिस के सामने रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन अधिकारियों ने दिया। इस पहल की ग्रामीणों ने सराहना करते हुए गांव में शांति और सुरक्षा बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने का संकल्प लिया।

Skip to content










