हल्द्वानी से दिल्ली जा रही बस में लापरवाही, यात्रियों ने बीच रास्ते रुकवाई बस….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – हल्द्वानी से दिल्ली जा रही रोडवेज बस में उस समय हड़कंप मच गया, जब यात्रियों ने चालक को नींद की हालत में बस चलाते हुए देखा। मामला बृजघाट के पास दिल्ली हाईवे का है, जहां यात्रियों की सतर्कता से एक बड़ा हादसा टल गया।

जानकारी के अनुसार, हल्द्वानी डिपो की अनुबंधित सीएनजी बस रविवार दोपहर करीब 12 बजे दिल्ली के लिए रवाना हुई थी। रास्ते में बृजघाट के पास यात्रियों को चालक की स्थिति संदिग्ध लगी। ध्यान से देखने पर पता चला कि चालक को नींद आ रही है और वह असामान्य ढंग से वाहन चला रहा है।

इस पर यात्रियों ने तुरंत शोर मचाकर बस रुकवाई और विरोध जताया। स्थिति को देखते हुए परिचालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। बस में सवार करीब 30 यात्री नीचे उतर आए और हंगामा करने लगे।

परिचालक ने बताया कि चालक ने खुद चक्कर आने की शिकायत की थी, जिसके बाद उसे उपचार के लिए अस्पताल भेज दिया गया। वहीं यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सभी को दूसरी बस से उनके गंतव्य के लिए रवाना कर दिया गया।

इस घटना ने एक बार फिर परिवहन व्यवस्था में सुरक्षा मानकों और चालक की फिटनेस को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हालांकि, यात्रियों की सूझबूझ और समय पर की गई कार्रवाई से एक संभावित बड़ा हादसा टल गया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!