देहरादून– खाड़ी देशों और मध्य पूर्व एशिया में बिगड़ते हालात को देखते हुए उत्तराखंड सरकार ने अपने नागरिकों की सुरक्षा के लिए अहम कदम उठाया है। विदेशों में रह रहे या किसी कारणवश फंसे उत्तराखंड के लोगों की मदद के लिए विशेष व्यवस्था लागू की गई है। राज्य सरकार ने इस कार्य के लिए गृह विभाग की विशेष सचिव निवेदिता कुकरेती को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। वह विदेश मंत्रालय और संबंधित देशों में भारतीय दूतावासों से समन्वय स्थापित कर प्रभावित लोगों तक त्वरित सहायता पहुंचाएंगी।
सरकार ने पुलिस मुख्यालय देहरादून के माध्यम से हेल्पलाइन नंबर भी जारी किया है। जरूरतमंद लोग मोबाइल नंबर 9411112792 या ईमेल dgc-police-ua@nic.in पर संपर्क कर सहायता प्राप्त कर सकते हैं।सरकार ने स्पष्ट किया है कि सऊदी अरब, यूएई, कतर, कुवैत, ईरान, इजराइल और ओमान सहित खाड़ी देशों में रह रहे उत्तराखंड के नागरिकों को हर संभव मदद दी जाएगी।मदद के लिए संपर्क करते समय नाम, पता, पासपोर्ट नंबर, मोबाइल नंबर और उत्तराखंड में संपर्क व्यक्ति की जानकारी देना आवश्यक होगा।मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन द्वारा जारी इस पहल का उद्देश्य संकट की स्थिति में हर उत्तराखंडवासी तक समय पर सहायता पहुंचाना है। सरकार ने भरोसा दिलाया है कि प्रदेश का कोई भी नागरिक विदेश में अकेला नहीं है और हर परिस्थिति में उसके साथ खड़ी है।



Skip to content










