हल्द्वानी – हल्द्वानी में स्व. इंदिरा हृदयेश की 85वीं जयंती के अवसर पर मंगलवार को स्वराज आश्रम में श्रद्धांजलि एवं स्मृति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस दौरान वक्ताओं ने इंदिरा हृदयेश के राजनीतिक जीवन और समाज के प्रति उनके अतुलनीय योगदान को याद किया। उन्होंने कहा कि हृदयेश ने हमेशा जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी और अपने कार्यकाल में प्रदेश के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्य किए। उनका व्यक्तित्व और कृतित्व आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत बना हुआ है।


कार्यक्रम में नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्या और हल्द्वानी विधायक सुमित हृदयेश की गरिमामयी उपस्थिति रही। दोनों नेताओं ने अपने संबोधन में स्व. हृदयेश के संघर्षशील जीवन और जनता के प्रति उनके समर्पण को याद करते हुए कहा कि उनके आदर्शों पर चलकर ही समाज और प्रदेश को आगे बढ़ाया जा सकता है।
कार्यक्रम के दौरान कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके दिखाए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया। इस आयोजन का संचालन जिला कांग्रेस और महानगर कांग्रेस के तत्वावधान में किया गया।

Skip to content










