पंतनगर – गोविंद बल्लभ पंत कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय, पंतनगर में चार दिवसीय उत्तराखंड राज्य विश्वविद्यालय खेल एवं क्रीड़ा महोत्सव का शुभारंभ राज्यपाल गुरमीत सिंह ने दीप प्रज्ज्वलित एवं मशाल जलाकर किया। उद्घाटन समारोह में उन्होंने 800 मीटर पुरुष एवं महिला वर्ग की दौड़ के विजेताओं को मेडल और प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।
800 मीटर पुरुष वर्ग में एसएसजे अल्मोड़ा के अंकित नाथ प्रथम, श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय टिहरी गढ़वाल के आसिफ द्वितीय और एसएसजे अल्मोड़ा के ललित सिंह तृतीय स्थान पर रहे। वहीं महिला वर्ग में कुमाऊं विश्वविद्यालय नैनीताल की नीतू प्रथम, संस्कृति विश्वविद्यालय हरिद्वार की चांदनी द्वितीय तथा एसएसजे अल्मोड़ा की शीतल भट्ट तृतीय स्थान पर रहीं।


खेल राष्ट्र निर्माण का सशक्त माध्यम
खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए राज्यपाल ने कहा कि यह आयोजन केवल प्रतियोगिता नहीं, बल्कि युवाशक्ति, अनुशासन और राष्ट्रभावना का उत्सव है। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड आस्था और पराक्रम की भूमि है, और आज यह युवाशक्ति की भूमि के रूप में नई पहचान बना रहा है।
उन्होंने कहा कि “राष्ट्र सर्वोपरि” की भावना खेलों के माध्यम से सशक्त होती है। मैदान में विकसित अनुशासन, टीम भावना और समर्पण राष्ट्र निर्माण की नींव रखते हैं। खिलाड़ी केवल स्वयं का नहीं, बल्कि राज्य और राष्ट्र का प्रतिनिधित्व करता है।
शिक्षा और खेल का संतुलन जरूरी
राज्यपाल ने कहा कि विश्वविद्यालय जीवन केवल पुस्तकीय ज्ञान तक सीमित नहीं होना चाहिए। शिक्षा और खेल का संतुलित विकास ही संपूर्ण व्यक्तित्व निर्माण का आधार है। राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के तहत खेल और सह-पाठ्य गतिविधियों को मुख्यधारा में स्थान दिया गया है, जो विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास का मार्ग प्रशस्त करता है।
उन्होंने “फिट युवा, सशक्त भारत” के संकल्प को दोहराते हुए फिट इंडिया मूवमेंट और खेलो इंडिया जैसे अभियानों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं को सकारात्मक दिशा देते हैं और नशे जैसी प्रवृत्तियों से दूर रखते हैं।
महिला खिलाड़ियों की सहभागिता सराहनीय
राज्यपाल ने महिला खिलाड़ियों की बड़ी भागीदारी पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “स्वस्थ नारी, सशक्त परिवार” सामाजिक परिवर्तन का आधार है। जब बेटियाँ खेल में आगे बढ़ती हैं, तो राष्ट्र की दिशा बदलती है।
उन्होंने खिलाड़ियों से ओलंपिक जैसे वैश्विक मंचों को लक्ष्य बनाने का आह्वान करते हुए कहा कि उत्तराखंड की धरती से भी ऐसे खिलाड़ी निकलें जो विश्व पटल पर तिरंगा ऊंचा करें।
10 विश्वविद्यालयों के 722 खिलाड़ी प्रतिभागी
विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. मनमोहन सिंह चौहान ने राज्यपाल का स्वागत करते हुए बताया कि इस प्रतियोगिता में प्रदेश के 10 विश्वविद्यालयों के लगभग 722 खिलाड़ी प्रतिभाग कर रहे हैं।
कार्यक्रम में कुमाऊं विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. डीएस रावत, अल्मोड़ा विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ. सतपाल सिंह बिष्ट, जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, पुलिस अधीक्षक जितेन्द्र चौधरी सहित विभिन्न विश्वविद्यालयों के डीन, निदेशक, कोच और खिलाड़ी उपस्थित रहे।

Skip to content











