नैनीताल – ज्योलीकोट क्षेत्र में ड्यूटी के दौरान पुलिस टीम पर हुए हमले के मामले में तल्लीताल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने इस घटना को अक्षम्य बताते हुए आरोपियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
घटना के अनुसार, ज्योलीकोट चौकी प्रभारी उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा ज्योलीकोट बैरियर पर चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान होटल जिप्सी रेस्टोरेंट में पर्यटकों और होटल स्टाफ के बीच खाने के बिल को लेकर विवाद होने की सूचना मिली। सूचना पर उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और विवाद शांत कराने का प्रयास किया।


इस दौरान चार लोगों ने पुलिस टीम के साथ गाली-गलौच की, जान से मारने की धमकी दी और जानलेवा हमले की नीयत से आधी भरी पानी की बोतल से उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा के सिर पर दो बार वार किया। हमले में एक होमगार्ड जवान भी घायल हो गया।
घटना की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों को दी गई, जिस पर एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने तुरंत संज्ञान लेते हुए अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय के नेतृत्व में अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा।
पुलिस ने हमले में शामिल चारों आरोपियों—
- दीप चंद्र पुत्र पूरन चंद्र,
- मनोज पुत्र पूरन चंद्र,
- त्रिभुवन शर्मा पुत्र पूरन शर्मा (तीनों निवासी मल्ला मटेला, थाना देघाट, अल्मोड़ा),
- प्रवीण चंद मंसत पुत्र पूरन चंद मंसत निवासी ग्राम खस्ता, थाना सल्ट—
को गिरफ्तार कर लिया।
चारों आरोपियों के विरुद्ध थाना तल्लीताल में FIR संख्या 72/2025 अंतर्गत बीएनएस की विभिन्न धाराओं में सरकारी कार्य में बाधा, लोक सेवक पर हमला, मारपीट, गाली-गलौच और जान से मारने की धमकी देने के आरोपों में मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष मनोज नयाल ने स्वयं विवेचना करते हुए आरोपियों को माननीय न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया।
एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजुनाथ टी.सी. ने स्पष्ट कहा कि पुलिस पर हमला करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा और ऐसे मामलों में कठोर विधि-सम्मत कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष मनोज नयाल, उप निरीक्षक श्याम सिंह बोरा, उप निरीक्षक सतीश उपाध्याय, हेड कांस्टेबल जीवन राम, कांस्टेबल मलकीत कंबोज, कांस्टेबल परमजीत सिंह और होमगार्ड गणेश भट्ट शामिल रहे।

Skip to content











