उत्तराखंड में अब सर्दी का असर तेज़ होने लगा है। सुबह और शाम के समय ठिठुरन महसूस की जा रही है, जबकि दिन में धूप निकलने से हल्की राहत मिल रही है। मैदानी इलाकों में घना कोहरा छाने लगा है, जिससे दृश्यता प्रभावित हो रही है। मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि आने वाले दिनों में तापमान में 1 से 2 डिग्री की गिरावट संभव है और रविवार से मौसम करवट ले सकता है।
मौसम विज्ञान केंद्र देहरादून के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम शुष्क बना हुआ है, लेकिन ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है। वहीं, हरिद्वार और उधम सिंह नगर जैसे मैदानी जिलों में घना कोहरा लोगों की परेशानी बढ़ा सकता है। पहाड़ी इलाकों में ठंडी हवाओं का प्रभाव बढ़ रहा है, जबकि मैदानी क्षेत्रों में सुबह और देर शाम तापमान में तेजी से गिरावट दर्ज की जा रही है।


देहरादून में अधिकतम तापमान 24.0 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 8.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उधम सिंह नगर का अधिकतम तापमान 24.2 डिग्री और न्यूनतम 5.1 डिग्री, मुक्तेश्वर में अधिकतम 17.0 और न्यूनतम 6.2 डिग्री, जबकि नई टिहरी में अधिकतम 16.2 और न्यूनतम 5.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
दिन के समय धूप से कुछ राहत जरूर मिल रही है, लेकिन रात होते ही तापमान में तेज गिरावट आ रही है। मौसम विभाग ने बताया कि राज्य के पर्वतीय इलाकों में अगले कुछ दिनों में बर्फबारी के साथ ठंड और बढ़ सकती है। वहीं मैदानी क्षेत्रों में घने कोहरे के चलते यातायात प्रभावित होने की संभावना है।
मौसम विभाग ने लोगों को सलाह दी है कि पहाड़ी क्षेत्रों की यात्रा करने से पहले मौसम की जानकारी अवश्य लें और गर्म कपड़ों का प्रयोग करें। पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को सतर्क रहने तथा मौसम में अचानक आने वाले बदलावों को लेकर सावधानी बरतने की अपील की गई है।

Skip to content











