काशीपुर (सुनील शर्मा) काशीपुर। बरसात के दिनों में काशीपुर क्षेत्र में होने वाले जलभराव की समस्या के निस्तरण के लिए नगर निगम प्रशासन पूरी तरह प्रयासरत है। नियमित रूप से नाले-नालियों की साफ-सफाई कराई जा रही है। यह कहना है मेयर ऊषा चौधरी का। जलभराव के संबंध में पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि बरसात का मौसम यानि मानसून से करीब दो माह पूर्व ही नगर निगम जलभराव से निपटने के इंतजाम करने में जुट जाता है। इस बार भी तैयारी कर नाले-नालियों की तलीझाड़ सफाई उनके द्वारा अपनी देखरेख में करवाई जा रही है। मेयर ने कहा कि लक्ष्मीपुर माइनर के सबंध में भेजा गया प्रस्ताव मंजूर होने से समस्या का निदान संभव है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कोविड से निपटना सरकार के साथ ही हम सबकी जिम्मेदारी है। मेयर ने लोगों से अपील की है कि नाले-नालियों में कूड़ा करकट व गोबर इत्यादि न डालें। पालिथीन का प्रयोग न करें। जहां तक हो सके शहर को स्वच्छ बनाए रखने में नगर निगम प्रशासन का सहयोग करें।

Skip to content











