उत्तराखण्ड ज़रा हटके देहरादून

अब देहरादून चिड़ियाघर में दिखेगा सफेद बाघ ‘तेजस’, कॉलेज विद्यार्थियों की एंट्री भी मुफ्त

देहरादून – मालसी स्थित देहरादून चिड़ियाघर में अब पर्यटक सफेद बाघ ‘तेजस’ का दीदार कर सकेंगे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को सफेद बाघ के बाड़े का लोकार्पण कर उसे पर्यटकों के अवलोकन के लिए समर्पित किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कॉलेजों में अध्ययनरत विद्यार्थियों को भी चिड़ियाघर में निशुल्क प्रवेश देने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सफेद बाघ के आने से देहरादून चिड़ियाघर का आकर्षण और बढ़ेगा। इससे यहां आने वाले पर्यटकों को वन्यजीवों को देखने का एक नया अनुभव मिलेगा। उन्होंने बताया कि देहरादून चिड़ियाघर प्रदेश के प्रमुख पर्यटन स्थलों में शामिल है। यहां प्रतिवर्ष करीब 8.50 लाख पर्यटक पहुंचते हैं और इससे सात करोड़ रुपये से अधिक की आय होती है। सफेद बाघ के आने से पर्यटकों की संख्या में और बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। उत्तराखंड में पहली बार इस तरह का सफेद बाघ लाया गया है।

पर्यटन के साथ वन्यजीव संरक्षण का भी केंद्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि देहरादून चिड़ियाघर केवल पर्यटन स्थल नहीं, बल्कि वन्यजीवों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता बढ़ाने का महत्वपूर्ण माध्यम भी है। यहां आने वाले बच्चों और युवाओं को वन्यजीवों, वनों की जैव विविधता और पारिस्थितिकी तंत्र को करीब से समझने का अवसर मिलता है।

उन्होंने बताया कि पहले चिड़ियाघर में बच्चों के लिए निशुल्क भ्रमण की व्यवस्था शुरू की गई थी, जिसका सकारात्मक परिणाम देखने को मिला है। अब कॉलेजों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को भी निशुल्क प्रवेश दिया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को वन्यजीव संरक्षण, जैव विविधता और पर्यावरण से जुड़े विषयों की व्यावहारिक जानकारी मिल सकेगी।

पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की भागीदारी पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड भौगोलिक और पर्यावरणीय दृष्टि से संवेदनशील राज्य है। प्रदेश को हर साल विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में विकास कार्यों के साथ पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखना भी जरूरी है। राज्य सरकार पारिस्थितिकी और अर्थव्यवस्था के बीच संतुलन स्थापित करते हुए विकास को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड देश के अधिक वन क्षेत्र वाले प्रमुख राज्यों में शामिल है। यहां की वन संपदा और जैव विविधता महत्वपूर्ण प्राकृतिक धरोहर हैं, जिनका संरक्षण करना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। वन्यजीवों की सुरक्षा के साथ नई पीढ़ी को प्रकृति के प्रति संवेदनशील बनाना भी जरूरी है। देहरादून चिड़ियाघर जैसे केंद्र इस दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।