शक्तिफार्म – सितारगंज क्षेत्र के गोविंदनगर पाड़ा गांव, शक्तिफार्म निवासी 22 वर्षीय युवक के संदिग्ध परिस्थितियों में लापता होने का मामला सामने आया है। युवक की मां माधवी मृदा ने कोतवाली सितारगंज में तहरीर देकर बेटे की गुमशुदगी दर्ज करने और उसकी तलाश करने की मांग की है। बेटे का सुराग नहीं मिलने से परिजन परेशान हैं।
मां की ओर से दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, उनका पुत्र संजू मृदा बीती 7 नवंबर 2026 को सुबह करीब 9:30 बजे घर से पाड़ा गांव बाजार जाने की बात कहकर निकला था। देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर परिजनों ने रिश्तेदारों और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। मां ने बताया कि बेटे के मोबाइल पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन फोन बंद आ रहा था।
तहरीर के मुताबिक, उसी दिन शाम करीब चार बजे मोबाइल पर दोबारा संपर्क करने पर मुरादाबाद रेलवे स्टेशन के एक कर्मचारी ने कॉल उठाई। कर्मचारी ने बताया कि मोबाइल स्टेशन के पास जूते सिलने वाले एक व्यक्ति को मिला था, जिसे उसने रेलवे स्टेशन पर जमा करा दिया था। इसके बाद परिजन मुरादाबाद पहुंचे और मोबाइल अपने साथ ले आए।
मां के अनुसार, मोबाइल में कुछ लेनदेन से संबंधित जानकारियां भी मिली हैं। इनमें एक मैजिक वाहन और रुद्रपुर से मुरादाबाद तक की यात्रा से जुड़ा लेनदेन शामिल बताया गया है। हालांकि, युवक के मुरादाबाद पहुंचने और उसके बाद की गतिविधियों के बारे में परिजनों को कोई स्पष्ट जानकारी नहीं है।
लापता युवक का हुलिया
तहरीर में संजू मृदा की उम्र करीब 22 वर्ष, रंग सांवला, चेहरा गोल और लंबाई लगभग पांच फीट सात इंच बताई गई है। उसका शरीर इकहरा है। लापता होने के समय उसने लाल-सफेद चेकदार शर्ट, हरे रंग की पैंट और पैरों में चप्पल पहनी हुई थी।
मां माधवी मृदा ने पुलिस से बेटे की गुमशुदगी दर्ज कर जल्द से जल्द उसका पता लगाने की गुहार लगाई है। उन्होंने बेटे की सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए पुलिस से प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।
