भीमताल – उत्तराखंड आवास सलाहकार परिषद की उपाध्यक्ष एवं राज्यमंत्री भावना मेहरा ने बुधवार को भीमताल विधानसभा क्षेत्र के बाबियाड़, दुदली, कालगड़ी और चूरीगाड़ का भ्रमण कर ग्रामीणों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र की समस्याओं और स्थानीय जरूरतों की जानकारी ली। साथ ही प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं एवं मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में लिए जा रहे जनहितकारी निर्णयों की जानकारी ग्रामीणों को दी।
बाबियाड़ पहुंचने पर ग्रामीणों ने सड़क निर्माण और क्षतिग्रस्त सड़क की समस्या प्रमुखता से उठाई। इस पर भावना मेहरा ने मौके से ही लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों को फोन कर समस्या के समाधान के निर्देश दिए। अधिकारियों ने उन्हें आश्वस्त किया कि एक माह के भीतर सड़क की मरम्मत के साथ निर्माण कार्य शुरू करने की प्रक्रिया प्रारंभ कर दी जाएगी।
सरकार की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना प्राथमिकता
ग्रामीणों को संबोधित करते हुए भावना मेहरा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में प्रदेश सरकार समाज के प्रत्येक वर्ग के कल्याण के लिए निरंतर कार्य कर रही है। सरकार ने आशा कार्यकर्ताओं और भोजन माताओं के मानदेय में वृद्धि सहित महिलाओं, युवाओं, किसानों और जरूरतमंद परिवारों के हित में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार की प्राथमिकता जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम छोर पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचाना और ग्रामीण क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करना है। उन्होंने ग्रामीणों को भरोसा दिलाया कि क्षेत्र की समस्याओं को संबंधित विभागों के समक्ष उठाकर उनके समाधान के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के समन्वय से विकास को मिलेगी गति
भावना मेहरा ने कहा कि क्षेत्र के विकास कार्यों को गति देने के लिए जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ समन्वय बनाकर काम करना उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों द्वारा उठाई गई समस्याओं के समाधान के लिए संबंधित विभागों से लगातार संपर्क बनाए रखा जाएगा।
इस दौरान ग्राम प्रधान सुनील कुमार, पूर्व मंडल अध्यक्ष प्रदीप बिष्ट, पूर्व ज्येष्ठ प्रमुख कृपाल मेहता, शिवराम, चंदन सम्मल, ओमप्रकाश सिंह, धर्मेंद्र सिंह, भवान सिंह, रमेश मेहता, चंदन लाल, शेर सिंह मेहता, पान सिंह मेहता, मनोज सिंह मेहता, त्रिलोक मेहता, गिरीश शर्मा, चेतन शर्मा, कमल कोटलिया और मोहन शर्मा सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
