हल्द्वानी – गोरापड़ाव में हथियारों के बल पर हुई लाखों रुपये की डकैती के मामले में नैनीताल पुलिस ने कार्रवाई तेज करते हुए चार और आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इससे पहले पुलिस दो आरोपियों वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब मामले में यश सिडाना, अमनदीप सिंह, शिवराज सिंह और अफजल मलिक की गिरफ्तारी के साथ कुल छह आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों के कब्जे से चार अवैध तमंचे, सात जिंदा कारतूस, 18 हजार रुपये नकद और घटना में प्रयुक्त क्रेटा व स्कॉर्पियो वाहन बरामद किए हैं। बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 317(2) बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट की बढ़ोतरी की गई है।


10 हथियारबंद बदमाशों ने डाला था डाका
पुलिस के मुताबिक 19 अगस्त की शाम गोरापड़ाव में Kia शोरूम के पीछे स्थित कार्यालय/गैराज में हथियारबंद बदमाशों ने धावा बोला था। शिकायतकर्ता नारायण दास के अनुसार करीब 10 अज्ञात नकाबपोश बदमाशों ने हथियारों के बल पर लगभग आठ लाख रुपये नकद, 12 मोबाइल फोन और सोने की चेन व अंगूठी लूट ली थी।
मामले में कोतवाली हल्द्वानी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी डॉ. मंजूनाथ टीसी ने करीब 50 पुलिस अधिकारियों एवं कर्मचारियों की विशेष टीम गठित की।
सीसीटीवी और सर्विलांस से मिला सुराग
पुलिस टीमों ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ सर्विलांस और सुरागरसी के आधार पर आरोपियों की तलाश शुरू की। पहले वंशप्रीत सिंह उर्फ पन्नू और रखवीर सिंह को गिरफ्तार किया गया था। अन्य आरोपियों की तलाश के लिए पुलिस टीमों को अलग-अलग राज्यों में भेजा गया।
इसी क्रम में यश सिडाना को 23 अगस्त को हल्द्वानी से, जबकि अमनदीप सिंह और शिवराज सिंह को 22 अगस्त को नई दिल्ली के डीएनडी फ्लाईओवर जैतपुर मोड़ से गिरफ्तार किया गया। चौथे आरोपी अफजल मलिक को 23 अगस्त को किच्छा से दबोचा गया।
वाहनों और हथियारों की बरामदगी
पुलिस के अनुसार यश सिडाना के कब्जे से क्रेटा कार संख्या UK06BE-9091, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद हुए।
अमनदीप सिंह के कब्जे से स्कॉर्पियो कार संख्या DL1CA-1984, 315 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस मिले। शिवराज सिंह से 315 बोर का तमंचा और एक जिंदा कारतूस तथा अफजल मलिक से 18 हजार रुपये नकद, 12 बोर का तमंचा और दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने डकैती की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस मामले में अन्य संभावित आरोपियों और लूट की शेष रकम एवं सामान की बरामदगी के लिए भी जांच आगे बढ़ा रही है।
एसएसपी ने पुलिस टीम को किया पुरस्कृत
डकैती के खुलासे में थाना पुलिस, SOG, साइबर टीम, क्राइम विशेषज्ञ, BDS, डॉग स्क्वायड और क्राइम सीन विशेषज्ञों की भूमिका रही। पुलिस टीम के उत्साहवर्धन के लिए एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने टीम को 2,500 रुपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी यश सिडाना के खिलाफ पूर्व में भी किच्छा थाने में मुकदमा दर्ज है, जबकि अन्य आरोपियों का आपराधिक इतिहास खंगाला जा रहा है।

Skip to content










