Breaking News

भीमताल में कातिलाना हमले पर बड़ा एक्शन, तीन आरोपी जेल में, चौथे का वारंट ‘सशक्त मन, सशक्त परिवार’ से बनेगा स्वस्थ समाज, उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय में 7वें राष्ट्रीय समाज कार्य सप्ताह पर ऑनलाइन सेमिनार सरकारी चावल की गुणवत्ता जांचने गोदाम पहुंचीं एसडीएम मोनिका, सैंपल लेकर भेजे जाएंगे लैब; रिपोर्ट पर तय होगी कार्रवाई देहरादून में देर रात दर्दनाक हादसा, खड़े वाहनों को कार ने मारी टक्कर – महिला की मौत, एक घायल साइबर ठगों के खिलाफ चंपावत पुलिस का सुरीला अभियान, पुलिसकर्मी-क्रिकेटर कौशल उप्रेती ने गाया ‘जागते रहो’ गीत महिला उद्यमिता को नई उड़ान, रामनगर में शुरू हुआ पांच दिवसीय सरस मेला; 50 स्टॉलों पर दिखी ग्रामीण महिलाओं की मेहनत और हुनर

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : डीपीएस हल्द्वानी में जागरूकता सत्र

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – दिल्ली पब्लिक स्कूल हल्द्वानी में शुक्रवार को विद्यार्थियों को नशे की लत के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से “नशे की लत एवं विकसित भारत” विषय पर विशेष अंतरक्रियात्मक एवं ज्ञानवर्धक सत्र आयोजित किया गया। कार्यक्रम में वक्ताओं ने नशे को स्वस्थ समाज और राष्ट्र के विकास में बड़ी बाधा बताते हुए विद्यार्थियों से इससे दूर रहने का आह्वान किया।

कार्यक्रम में उत्तराखंड राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग के सदस्य योगेश सिंह राजवार मुख्य अतिथि एवं वक्ता के रूप में मौजूद रहे। उनके साथ वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निश्चिकांत जोशी, बाल संरक्षण अधिकारी पल्लवी तिवारी, समाजसेवी योगिता बहुगुणा एवं प्रदीप बिष्ट उपस्थित रहे। विद्यालय की प्रधानाचार्या रंजना शाही, शिक्षकगण, अभिभावक एवं विद्यार्थी भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। विद्यार्थियों ने संस्कृत गीत एवं उत्तराखंड के लोकनृत्य की आकर्षक प्रस्तुति देकर भारतीय संस्कृति और स्थानीय लोक विरासत की झलक प्रस्तुत की।

इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे की लत पर आधारित नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत कर इसके बढ़ते प्रभाव और दुष्परिणामों को प्रभावशाली ढंग से सामने रखा। नाटक के माध्यम से संदेश दिया गया कि किसी भी सामाजिक बुराई से बचाव का पहला कदम जागरूकता है।

मुख्य वक्ता योगेश सिंह राजवार ने विद्यार्थियों को नशे से दूर रहने और जीवन में जिम्मेदारी के साथ निर्णय लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि युवा शक्ति देश की सबसे बड़ी ताकत है और जागरूक युवा ही स्वस्थ, सशक्त एवं विकसित समाज की नींव रख सकते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से अपने साथियों और समाज में भी नशे के खिलाफ सकारात्मक जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।

वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी निश्चिकांत जोशी ने नशे की लत के सामाजिक एवं व्यक्तिगत दुष्प्रभावों पर प्रकाश डालते हुए विद्यार्थियों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नशे से बचाव के लिए परिवार, विद्यालय और समाज को मिलकर जागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता है।

वहीं, प्रदीप बिष्ट ने अभिभावक के रूप में अपने विचार रखते हुए विद्यालय की ओर से विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज के जागरूक और प्रतिभाशाली विद्यार्थी ही भविष्य में विकसित भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।

कार्यक्रम के समापन पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी अतिथियों, प्रधानाचार्या, शिक्षकों, अभिभावकों, विद्यार्थियों एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी सदस्यों का आभार व्यक्त किया गया। कार्यक्रम ने विद्यार्थियों को “नशामुक्त युवा—सशक्त राष्ट्र” का संदेश दिया।

और पढ़ें

error: Content is protected !!