रुद्रपुर – उत्तराखंड आयुष विभाग के अपर सचिव विजय कुमार जोगदंडे ने बुधवार को किच्छा पहुंचकर सेटेलाइट एम्स के निकट प्रस्तावित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा (AIIA) की स्थापना के लिए चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आधारभूत सुविधाओं से जुड़ी विस्तृत रिपोर्ट शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान अपर सचिव ने लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता को निर्देशित किया कि चिन्हित भूमि से राष्ट्रीय राजमार्ग, एयरपोर्ट, बस स्टेशन एवं रेलवे स्टेशन की दूरी सहित समस्त आवश्यक विवरण तैयार कर उपलब्ध कराया जाए। वहीं विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता को क्षेत्र में वर्तमान विद्युत उपलब्धता तथा भविष्य में विद्युत उपकेंद्र (सब स्टेशन) स्थापित करने की संभावनाओं पर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।


उन्होंने नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी को शहर की वर्तमान जनसंख्या, ठोस अपशिष्ट (कूड़ा) निस्तारण की व्यवस्था तथा भविष्य की कार्ययोजना से संबंधित विस्तृत जानकारी शीघ्र उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए।
स्थलीय निरीक्षण से पूर्व जिला सभागार में आयोजित समीक्षा बैठक में अपर सचिव ने संबंधित विभागों के अधिकारियों से प्रस्तावित भूमि, पेयजल व्यवस्था, ड्रेनेज प्लान, क्षेत्र में स्थित शैक्षणिक संस्थानों तथा अन्य आवश्यक आधारभूत सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। उन्होंने जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी को सभी विभागों से प्राप्त सूचनाओं को संकलित कर विस्तृत प्रतिवेदन शीघ्र शासन को प्रेषित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि प्रस्तावित ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा की स्थापना क्षेत्र में आयुष चिकित्सा सेवाओं, शोध एवं उच्च शिक्षा को नई दिशा देने के साथ-साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार और विकास के नए अवसर भी सृजित करेगी। इसलिए सभी विभाग समन्वय के साथ कार्य करते हुए आवश्यक औपचारिकताओं को समयबद्ध ढंग से पूरा करें।
इस अवसर पर मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शाशनी, उपाध्यक्ष जिला विकास प्राधिकरण जय किशन, अपर जिलाधिकारी पंकज उपाध्याय एवं कौस्तुभ मिश्र, उपजिलाधिकारी मनीष बिष्ट, अधिशासी अभियंता विद्युत उमाकांत चतुर्वेदी, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग गजेन्द्र सिंह, तहसीलदार किच्छा गिरीश चंद्र त्रिपाठी, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. निवेदिता जोशी, अपर जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी डॉ. दीपक सरकार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Skip to content










