हल्द्वानी – उत्तराखंड के शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने बुधवार को काठगोदाम स्थित सर्किट हाउस सभागार में हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों की समीक्षा बैठक कर विभिन्न विभागों के अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि मानसून के दौरान आमजन को किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि सड़क खुदान, जल निकासी, सीवर, पेयजल, विद्युत एवं अन्य विकास कार्यों को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में पूरा किया जाए तथा लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में मंत्री कैड़ा ने नगर निगम क्षेत्र में मानसून से पूर्व चल रहे विकास कार्यों, सड़क खुदान, जल निकासी व्यवस्था एवं जनसुविधाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन विभागों द्वारा पेयजल लाइन, सीवर लाइन, नहर, विद्युत केबल अथवा ऑप्टिकल फाइबर बिछाने के लिए सड़कों की खुदाई की गई है, वे सभी विभाग प्राथमिकता के आधार पर सड़कों को पूर्व स्थिति में बहाल करें ताकि बरसात के दौरान लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।


बैठक में मंत्री ने कहा कि हल्द्वानी का विकास प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ड्रीम प्रोजेक्ट का हिस्सा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में हल्द्वानी नगर के समग्र विकास के लिए लगभग 2200 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत की गई है। इस राशि से विभिन्न विभागों के माध्यम से शहर का व्यापक विकास कराया जा रहा है, जिससे हल्द्वानी देशभर के लिए आधुनिक और सुव्यवस्थित शहर के रूप में नई पहचान स्थापित करेगा।
मानसून से पहले जलभराव रोकने पर विशेष जोर
शहरी विकास मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जिन स्थानों पर सड़क खुदाई की गई है, वहां बरसात के दौरान जलभराव, कीचड़ और आवागमन की समस्या उत्पन्न न हो, इसके लिए नालों की सफाई, डिसिल्टिंग और अवरोध हटाने का कार्य तत्काल पूरा किया जाए। उन्होंने निचले क्षेत्रों में पंपिंग व्यवस्था सुनिश्चित करने तथा वैकल्पिक मार्ग भी चिन्हित करने के निर्देश दिए।
उन्होंने वार्डवार क्षतिग्रस्त सड़कों का पैचवर्क, इंटरलॉकिंग टाइल्स एवं नाली निर्माण कार्य में तेजी लाने, फुटपाथों और सड़कों पर किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाने तथा व्यवस्थित वेंडिंग जोन विकसित करने के भी निर्देश दिए।
पहले पुरानी सड़कें ठीक करें, फिर नई खुदाई
मंत्री कैड़ा ने सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए कि पहले पूर्व में की गई सड़क खुदाई का कार्य पूर्ण किया जाए, उसके बाद ही नई सड़कें खोदी जाएं। उन्होंने प्रत्येक विभाग से साप्ताहिक प्रगति रिपोर्ट नगर आयुक्त कार्यालय को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए तथा नगर आयुक्त को समय-समय पर विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण करने को कहा।
उन्होंने कहा कि किसी भी अधिकारी की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और कार्यों में गुणवत्ता एवं समयबद्धता सुनिश्चित की जाएगी।
एडीबी परियोजनाओं का किया स्थलीय निरीक्षण
समीक्षा बैठक के बाद शहरी विकास मंत्री राम सिंह कैड़ा ने देर शाम एडीबी परियोजनाओं के तहत नगर निगम क्षेत्र में संचालित विकास कार्यों का स्थलीय निरीक्षण भी किया। उन्होंने काठगोदाम स्थित कालटेक्स क्षेत्र में सीवरेज, नहर, सड़क, गैस पाइपलाइन सहित विभिन्न निर्माण कार्यों का निरीक्षण कर गुणवत्ता बनाए रखने के निर्देश दिए।
मंत्री ने जीडीएम जमरानी बांध परियोजना के अंतर्गत निर्मित हो रही नहर की जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उसकी कवरिंग के लिए प्रस्ताव तैयार कर शासन को भेजने के निर्देश दिए। साथ ही जल निगम के अधिकारियों को कालटेक्स क्षेत्र में सड़क पर बने गड्ढे को शीघ्र भरकर सड़क को पूर्व स्थिति में लाने के आदेश दिए।
उन्होंने निर्देशित किया कि जहां भी सड़क किनारे विकास कार्य चल रहे हैं, वहां पर्याप्त सुरक्षा बैरिकेडिंग, चेतावनी संकेतक और साइनेज लगाए जाएं, ताकि दुर्घटनाओं की संभावना समाप्त हो सके।
बैठक एवं निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, एडीबी मैनेजर कुलदीप, लोक निर्माण विभाग, जल संस्थान, पेयजल निगम, विद्युत विभाग के अधिकारी, तहसीलदार हल्द्वानी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

Skip to content









