Breaking News

दिल्ली रूट की बसें बंद करने के फैसले पर भड़के रोडवेज कर्मचारी, 13 जुलाई को धरना और 14 से आंदोलन की चेतावनी

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद, उत्तराखंड (कुमाऊं क्षेत्र) ने उत्तराखंड परिवहन निगम की दिल्ली मार्ग पर संचालित बस सेवाओं को बंद किए जाने के प्रस्ताव का कड़ा विरोध किया है। परिषद ने निगम प्रबंधन को आंदोलन नोटिस जारी करते हुए चेतावनी दी है कि यदि 12 जुलाई 2026 तक दिल्ली मार्ग पर पूर्व की भांति बसों का संचालन बहाल नहीं किया गया, तो कर्मचारी चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेंगे।

परिषद द्वारा मंडलीय प्रबंधक (संचालन) को भेजे गए पत्र में कहा गया है कि निगम मुख्यालय के आदेश के बाद दिल्ली मार्ग पर संचालित वीएस-4 बसों का संचालन रोकने का निर्णय लिया गया है। संगठन का आरोप है कि यह फैसला निगम और यात्रियों के हितों के विपरीत है तथा कुछ अनुबंधित बस मालिकों के दबाव में लिया गया प्रतीत होता है।

संगठन का कहना है कि वर्तमान में दिल्ली सरकार की ओर से वीएस-4 बसों के दिल्ली में प्रवेश पर रोक संबंधी कोई आधिकारिक आदेश जारी नहीं किया गया है। ऐसे में निगम की बस सेवाओं को बंद करना न केवल यात्रियों के लिए असुविधाजनक होगा, बल्कि इससे निगम को आर्थिक नुकसान भी उठाना पड़ सकता है।

रोडवेज कर्मचारी संयुक्त परिषद ने स्पष्ट किया है कि यदि 12 जुलाई तक सेवाएं बहाल नहीं की गईं, तो 13 जुलाई 2026 को मंडलीय स्तर पर एक दिवसीय धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। इसके बावजूद मांगें पूरी नहीं होने पर 14 जुलाई 2026 से कुमाऊं क्षेत्र के सभी डिपो में चरणबद्ध धरना-प्रदर्शन और आंदोलन शुरू किया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी निगम प्रबंधन की होगी।

संगठन ने इस संबंध में परिवहन निगम के उच्च अधिकारियों सहित संबंधित पदाधिकारियों को भी पत्र की प्रतिलिपि भेजते हुए आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!