सरकार पहुंची जनता के द्वार, गरमपानी-खैरना शिविर में मिली राहत और समाधान

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

खैरना/गरमपानी (नैनीताल) – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित “सेवा, सुशासन एवं समर्पण – जन-जन की सरकार, जन-जन के द्वार” अभियान के अंतर्गत मंगलवार को विकासखंड बेतालघाट के गरमपानी-खैरना में आयोजित बहुउद्देशीय जनकल्याण शिविर आमजन के लिए राहत और समाधान का प्रभावी मंच बनकर सामने आया। शिविर में विभिन्न विभागों ने एक ही परिसर में अपनी सेवाएं उपलब्ध कराते हुए पात्र लाभार्थियों को सरकारी योजनाओं का लाभ प्रदान किया तथा जनसमस्याओं का त्वरित निस्तारण किया।

शिविर के दौरान विभिन्न विभागों की ओर से 180 लाभार्थियों को जनकल्याणकारी योजनाओं से लाभान्वित किया गया। शिविर में कुल 38 शिकायतें एवं समस्याएं प्राप्त हुईं, जिनमें से 32 शिकायतों का मौके पर ही समाधान कर दिया गया, जबकि शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को समयबद्ध कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

ग्रामीणों ने उठाईं स्थानीय समस्याएं

शिविर में ग्रामीणों ने जंगली जानवरों से फसलों को हो रहे नुकसान, बंदरों के बढ़ते आतंक, आवारा पशुओं की समस्या, विद्युत पोलों पर झूलते तार, मनरेगा भुगतान, शिप्रा नदी की नियमित सफाई सहित विभिन्न स्थानीय समस्याओं को प्रमुखता से उठाया। अधिकारियों ने सभी शिकायतों पर संबंधित विभागों को तत्काल निरीक्षण कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाने का संकल्प

परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में संचालित यह अभियान शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पारदर्शी, सरल और समयबद्ध तरीके से पहुंचाने का सशक्त माध्यम बन रहा है। उन्होंने कहा कि विभिन्न विभागों की सेवाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध होने से आमजन को अनावश्यक भागदौड़ से राहत मिल रही है तथा शासन और जनता के बीच विश्वास एवं संवाद मजबूत हो रहा है।

स्वास्थ्य सेवाओं का मिला व्यापक लाभ

शिविर में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग द्वारा 128 लोगों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें निःशुल्क दवाइयां वितरित की गईं। आयुर्वेद विभाग ने 30 तथा होम्योपैथी विभाग ने 24 लाभार्थियों को निःशुल्क औषधियां उपलब्ध कराईं। महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा 6 पात्र महिलाओं को मुख्यमंत्री महालक्ष्मी किट प्रदान की गई।

लोक संस्कृति के माध्यम से योजनाओं का प्रचार

सूचना एवं लोक संपर्क विभाग में पंजीकृत सांस्कृतिक दल “नई दिशा” नैनीताल ने लोकगीत एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी प्रचार-प्रसार किया। इस दौरान सूचना विभाग की ओर से योजनाओं से संबंधित प्रचार साहित्य का भी वितरण किया गया।

पूर्व सैनिकों और नागरिकों को दी गई महत्वपूर्ण जानकारी

जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (अ.प्रा.) रमेश सिंह ने पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं, पेंशन, छात्रवृत्ति तथा अन्य सुविधाओं की जानकारी दी।

उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या ने विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम, मतदाता सूची, समान नागरिक संहिता (यूसीसी), आयुष्मान कार्ड, भू-कानून, खाता-खतौनी तथा ऑनलाइन प्रमाण-पत्रों सहित विभिन्न जनहितकारी व्यवस्थाओं की विस्तृत जानकारी देते हुए नागरिकों से इनका अधिकाधिक लाभ उठाने का आह्वान किया।

शिविर में ग्राम प्रधान उषा पिनारी, परियोजना निदेशक डीआरडीए शिल्पी पंत, उपजिलाधिकारी अनुराग आर्या, जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी मुकेश नेगी, जिला सैनिक कल्याण एवं पुनर्वास अधिकारी कर्नल (अ.प्रा.) रमेश सिंह, खंड विकास अधिकारी पंकज जोशी, तहसीलदार भुवन भंडारी, बाल विकास परियोजना अधिकारी अनीता सक्सेना, भाजपा मंडल अध्यक्ष नीरज बिष्ट, सामाजिक कार्यकर्ता दलीप बोरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में क्षेत्रीय नागरिक उपस्थित रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!