हल्द्वानी- जनपद नैनीताल में NEET (UG)-2026 की पेन एंड पेपर मोड में आयोजित परीक्षा शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से सम्पन्न हुई। परीक्षा के सफल आयोजन के लिए प्रशासन द्वारा जिले में कुल 9 परीक्षा केंद्र स्थापित किए गए थे, जो सभी हल्द्वानी क्षेत्र में स्थित रहे।
अपर जिलाधिकारी एवं परीक्षा के नोडल अधिकारी सौरभ असवाल ने जानकारी देते हुए बताया कि सभी केंद्रों पर परीक्षा बिना किसी व्यवधान के संपन्न कराई गई। पीएम श्री गवर्नमेंट गर्ल्स इंटर कॉलेज, कालाढूंगी रोड हल्द्वानी में पंजीकृत 384 अभ्यर्थियों में से 369 ने परीक्षा दी। वहीं पीएम श्री राजकीय इंटर कॉलेज, नारायण नगर में 360 में से 349 परीक्षार्थी उपस्थित रहे। एमबी इंटर कॉलेज, दुर्गा सिटी सेंटर के समीप स्थित केंद्र पर 313 में से 300 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया।


इसके अतिरिक्त एमबी पीजी कॉलेज सहित अन्य 6 परीक्षा केंद्रों पर कुल 2352 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 2272 ने परीक्षा दी। इस प्रकार जिले के सभी 9 परीक्षा केंद्रों पर कुल 3409 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया था, जिनमें से 3290 परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी, जबकि 119 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे।
परीक्षा को सुचारू एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराने के लिए सेक्टर मजिस्ट्रेटों की नियुक्ति की गई थी। इस जिम्मेदारी में मुकेश सिंह नेगी (जिला अर्थ एवं संख्याधिकारी, नैनीताल), नंद किशोर (अधिशासी अभियंता, जल संस्थान लालकुआं) तथा अनुराग नेगी (रीजनल ऑफिसर, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड हल्द्वानी) को तैनात किया गया था।
प्रशासन की सतर्कता और बेहतर व्यवस्थाओं के चलते परीक्षा शांतिपूर्ण वातावरण में सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई।

Skip to content











