Breaking News

रक्षा मंत्री के दौरे को लेकर नैनीताल पुलिस अलर्ट, ‘जीरो चूक’ पर एसएसपी का जोर….

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

हल्द्वानी – भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के 21 मार्च 2026 को प्रस्तावित नैनीताल दौरे को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है। सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी ने अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक कर आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

एसएसपी ने स्पष्ट किया कि वीवीआईपी भ्रमण के दौरान ‘जीरो टॉलरेंस’ और ‘जीरो चूक’ की नीति अपनाई जाएगी। कार्यक्रम स्थल, रूट और पार्किंग व्यवस्था का स्वयं निरीक्षण करते हुए उन्होंने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए।

बैठक में त्रि-स्तरीय सुरक्षा घेरा बनाने, कार्यक्रम स्थल और हेलीपैड क्षेत्र में कड़ी निगरानी रखने, बम निरोधक दस्ता (BDS) और मेटल डिटेक्टर के माध्यम से सघन चेकिंग सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान जीरो जोन व्यवस्था, रूट डायवर्जन प्लान और स्लाइडिंग बैरियर लागू किए जाएंगे, ताकि यातायात सुचारू बना रहे। पार्किंग स्थलों पर स्पष्ट साइन बोर्ड लगाए जाएंगे और पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।

एसएसपी ने इंटेलिजेंस यूनिट और सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल को संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के निर्देश दिए, वहीं किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए क्विक रिस्पांस टीमें (QRT) अलर्ट मोड पर रहेंगी।

उन्होंने कहा कि रक्षा मंत्री के दौरे को सुरक्षित और गरिमामय तरीके से संपन्न कराना पुलिस की प्राथमिकता है और ड्यूटी में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्र, पुलिस अधीक्षक हल्द्वानी मनोज कुमार कत्याल सहित विभिन्न अधिकारी मौजूद रहे।

और पढ़ें

error: Content is protected !!