हल्द्वानी– रविवार देर रात अचानक आए तेज आंधी-तूफान ने हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में भारी तबाही मचा दी। तेज हवाओं के कारण कई स्थानों पर पेड़ और बिजली की लाइनें टूट गईं, जबकि एक स्कूल की दीवार गिरने से आठ लोग मलबे में दब गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से निकालकर सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचाया गया। जानकारी के अनुसार रविवार देर रात हल्द्वानी में स्थित सेंट स्कूल की दीवार गिर गई, जिसकी चपेट में बगल में रह रहे आठ लोग आ गए। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और मलबे में दबे लोगों को बाहर निकालकर तुरंत अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में मेयर गजराज बिष्ट ने पहुंचकर घायलों का हालचाल जाना। रात करीब डेढ़ बजे से तीन बजे तक चले तेज तूफान ने नैनीताल और आसपास के क्षेत्रों में भी भारी नुकसान पहुंचाया। कई जगह पेड़ और बिजली की लाइनें टूटने से बिजली आपूर्ति ठप हो गई। तेज हवाओं के कारण कई घरों की टिन की छतें उड़ गईं और सड़कों पर लगी पुलिस बैरिकेडिंग भी उखड़कर इधर-उधर जा गिरी।
पटवाडांगर रोड और हल्द्वानी रोड पर भी कई स्थानों पर पेड़ गिरने से यातायात प्रभावित रहा। सुबह तक स्थानीय लोग और प्रशासन सड़क से गिरे पेड़ों को हटाने में जुटे रहे। ताकुला निवासी अमन जोशी ने बताया कि बल्दीयाखान क्षेत्र में तेज तूफान के दौरान देवदार का एक बड़ा पेड़ उनकी कार पर गिर गया, जिससे वाहन क्षतिग्रस्त हो गया। ऊर्जा निगम के एसडीओ प्रयंक पांडे ने बताया कि आंधी के कारण कई जगह बिजली की लाइनें और पोल क्षतिग्रस्त हो गए हैं। विभाग की टीमों को मरम्मत के लिए भेज दिया गया है और जल्द ही बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। वहीं एसडीएम नवाजिश खलीक ने बताया कि प्रशासन की टीमें प्रभावित क्षेत्रों में भेज दी गई हैं और तूफान से हुए नुकसान का आकलन किया जा रहा है।



Skip to content










