नैनीताल – न्यू ईयर के जश्न को शांतिपूर्ण और सुरक्षित बनाए रखने के लिए नैनीताल में पुलिस ने हाईटेक सुरक्षा व्यवस्था लागू कर दी है। नए साल की पहली रात से ही नैनीताल पुलिस माल रोड पर अमेरिकन ‘शिगवे’ सेल्फ बैलेंसिंग स्कूटर से गश्त कर रही है, ताकि किसी भी घटना की सूचना पर पुलिस तत्काल मौके पर पहुंच सके।
हर वर्ष न्यू ईयर के मौके पर नैनीताल और मसूरी जैसे प्रमुख पर्यटन स्थलों पर बड़ी संख्या में सैलानी पहुंचते हैं। इनमें कुछ असामाजिक तत्व शराब के नशे में हुड़दंग, मारपीट और अव्यवस्था फैलाने की कोशिश करते हैं। इसे देखते हुए पुलिस प्रशासन द्वारा पहले से ही अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। एसएसपी की ब्रीफिंग के बाद सीजनल ड्यूटी पर आए पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए शहर के विभिन्न हिस्सों में लगाया गया है।


इस वर्ष विशेष रूप से माल रोड पर एकल पुलिसकर्मी द्वारा चलाया जाने वाला अमेरिकन शिगवे स्कूटर उतारा गया है, जिससे भीड़भाड़ वाले इलाकों में तेजी से गश्त की जा सके। पुलिस द्वारा नैनीताल के संवेदनशील क्षेत्रों—माल रोड, फ्लैट्स मैदान, पवेलियन की सीढ़ियां, मस्जिद तिराहा, शेरवानी, अयारपाटा, तल्लीताल की ठंडी सड़क, फांसी गधेरा और शेर का डांडा—में विशेष निगरानी रखी जा रही है।
पुलिस कई टोलियों में गश्त कर रही है। एक टीम का नेतृत्व रविकांत सेमवाल कर रहे हैं, जबकि दूसरी टीम जगदीश चंद्रा के नेतृत्व में कोतवाल हरीश चंद पंत और थानाध्यक्ष तल्लीताल मनोज नायल के साथ शहर में भ्रमण कर रही है। हर चौराहे और प्रमुख क्रॉसिंग पर एसआई के नेतृत्व में पुलिस बल तैनात किया गया है।
पुलिस प्रशासन ने सैलानियों को स्पष्ट चेतावनी दी है कि वे अपनी सीमाओं में रहकर ही जश्न मनाएं और शराब पीकर हुड़दंग या वाहन न चलाएं। नैनीताल आने वाले सभी मार्गों पर बाहरी वाहनों की सख्त चेकिंग की जा रही है और नशे की हालत में वाहन चलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि न्यू ईयर का जश्न सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाना सभी की जिम्मेदारी है।

Skip to content











