उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

ईवी चार्जिंग, ऑडिटोरियम और खेल सुविधाओं को मिलेगा बढ़ावा, आयुक्त ने दिए निर्देश

हल्द्वानी – जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पिथौरागढ़ की सप्तम बोर्ड बैठक सोमवार को सचिव मुख्यमंत्री एवं कुमाऊं मंडल आयुक्त दीपक रावत की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित की गई। बैठक में प्राधिकरण के पूर्व में लिए गए निर्णयों के अनुपालन की समीक्षा के साथ वित्तीय वर्ष 2026-27 के प्रस्तावित व्यय और जनसुविधाओं से जुड़े विभिन्न विकास कार्यों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में प्राधिकरण के स्थायी प्रशासनिक भवन के निर्माण, विभिन्न बहुमंजिला पार्किंग स्थलों पर इलेक्ट्रिक वाहन (ईवी) चार्जिंग स्टेशन और ऑटोमेशन सिस्टम स्थापित करने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए। इसके साथ ही जनहित को ध्यान में रखते हुए प्राधिकरण क्षेत्र में अवस्थापना सुविधाओं के विकास के लिए प्रस्ताव तैयार कर स्वीकृति एवं आगणन की प्रक्रिया पूरी करने को कहा गया।

पार्क, ओपन जिम और स्ट्रीट लाइट से संवरेगा शहर

आयुक्त दीपक रावत ने विभिन्न सार्वजनिक स्थलों पर सौंदर्यीकरण कार्य कराने, पार्क एवं ओपन जिम विकसित करने, स्ट्रीट लाइट लगाने तथा ऑडिटोरियम और खेल संबंधी अवस्थापना सुविधाओं के विस्तार के लिए आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा रास्तों और नालों के निर्माण तथा सार्वजनिक स्थलों पर जरूरत के अनुसार सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने के प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई।

बैठक में समय-समय पर शासन की ओर से जारी शासनादेशों को प्राधिकरण में अंगीकृत करने की स्वीकृति प्रदान की गई। साथ ही प्राधिकरण में कार्यरत नियमित कर्मचारियों के लिए राज्य सरकार स्वास्थ्य योजना (गोल्डन कार्ड) को अंगीकृत करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई।

भविष्य की आवासीय जरूरतों के लिए भूमि चिह्नित करने के निर्देश

आयुक्त ने क्षेत्र की बढ़ती आवासीय जरूरतों को ध्यान में रखते हुए निकट भविष्य में वृहद आवासीय परियोजनाओं के निर्माण के लिए उपयुक्त भूमि का चिन्हीकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने प्राधिकरण के विकास कार्यों को जनसुविधाओं की जरूरतों के अनुरूप आगे बढ़ाने पर जोर दिया।

वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित बैठक में जिलाधिकारी एवं जिला स्तरीय विकास प्राधिकरण पिथौरागढ़ के उपाध्यक्ष आशीष भट्टगई, प्राधिकरण के सचिव योगेंद्र सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।