उत्तराखण्ड खटीमा ज़रा हटके

विकास की नई राह पर खटीमा, सीएम धामी ने दी करोड़ों की सड़क परियोजना की सौगात

खटीमा – मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को खटीमा के राणा मार्केट (सितारगंज रोड) में आयोजित कार्यक्रम में 14.97 करोड़ रुपये की लागत से खटीमा चौक से थारू विकास भवन तक मोटर मार्ग के चौड़ीकरण कार्य का शिलान्यास एवं भूमि पूजन किया। इस परियोजना से क्षेत्र की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ स्थानीय नागरिकों और व्यापारियों को आवागमन में बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों के स्नेह और अपनत्व के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि खटीमा से उनका रिश्ता केवल जनप्रतिनिधि और चुनाव क्षेत्र का नहीं, बल्कि मां-बेटे के पवित्र रिश्ते जैसा अटूट है। जनता का आशीर्वाद ही उन्हें बिना थके और बिना रुके प्रदेश की सेवा करने की ऊर्जा देता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से खटीमा के स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। बंडिया, चकरपुर, टनकपुर, लोहाघाट, पिथौरागढ़, धारचूला और चंपावत के साथ पड़ोसी देश नेपाल की ओर आने-जाने वाले यात्रियों को भी इस मार्ग का लाभ मिलेगा। सड़क चौड़ी होने से यातायात सुगम होगा और जाम की समस्या से राहत मिलेगी।

शिक्षा, सड़क, स्वास्थ्य और धार्मिक स्थलों के विकास पर दिया जोर

मुख्यमंत्री ने खटीमा में निर्माणाधीन और पूर्ण हो चुके विभिन्न विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि क्षेत्र में शिक्षा, सड़क, आधारभूत सुविधाओं और धार्मिक पर्यटन के विकास के लिए लगातार कार्य किए जा रहे हैं। डिग्री कॉलेज में नए कक्षों और भवन ब्लॉकों का निर्माण कराया गया है। आईटीआई और बालिका विद्यालयों का आधुनिकीकरण किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रतापपुर से नानकमत्ता और टनकपुर से खटीमा तक सड़कों के चौड़ीकरण के साथ खेतलसंडा पुल और बस अड्डे जैसे महत्वपूर्ण निर्माण कार्य भी कराए गए हैं। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए शुगर फैक्ट्री का सुचारू संचालन, समय पर गन्ने की पेराई और किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान सुनिश्चित करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि क्षेत्र में ऑक्सीजन पार्क, क्रोकोडाइल पार्क और भारमल बाबा मंदिर सहित अन्य धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण कराया गया है। खटीमा की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 300 करोड़ रुपये से अधिक की धनराशि स्वीकृत की गई है, जिससे शहर में ड्रेनेज व्यवस्था को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

स्वच्छ और आधुनिक खटीमा बनाने का संकल्प दोहराया

मुख्यमंत्री ने कहा कि खटीमा को स्वच्छ, सुंदर और आधुनिक सुविधाओं से युक्त शहर बनाना उनका पुराना संकल्प रहा है। उन्होंने क्षेत्रवासियों को भरोसा दिलाया कि खटीमा के विकास के लिए उनके प्रयास आगे भी जारी रहेंगे। क्षेत्र का चहुंमुखी विकास और जनता को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराना उनकी प्राथमिकता है।

इससे पूर्व मुख्यमंत्री खटीमा चौराहे से कार्यक्रम स्थल तक पैदल पहुंचे। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर स्थानीय नागरिकों ने फूल-मालाओं से उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष अजय मौर्य, राज्य मंत्री मोहनी पोखरिया, संतोष गौरव, गंभीर सिंह धामी, किशन सिंह, रणजीत सिंह नामधारी, भाजपा नेता सतीश भट्ट, रामू भारती, वीसी जय किशन, एडीएम पंकज उपाध्याय सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी मौजूद रहे।