जसपुर – आगामी मानसून को देखते हुए उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण के उपाध्यक्ष एवं पूर्व राज्य योजना आयोग के उपाध्यक्ष (कैबिनेट मंत्री स्तर) विनय रूहेला ने शनिवार को तहसील सभागार, जसपुर में आपदा प्रबंधन एवं पूर्व तैयारियों की समीक्षा बैठक की। बैठक में विभिन्न विभागों की तैयारियों का जायजा लेते हुए उन्होंने अधिकारियों को मानसून अवधि में पूर्ण सतर्कता और आपसी समन्वय के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।
बैठक में उप जिलाधिकारी राहुल शाह, तहसीलदार दलिप सिंह, जिला आपदा प्रबंधन अधिकारी उमाशंकर नेगी सहित पुलिस, स्वास्थ्य, लोक निर्माण, सिंचाई, विद्युत, अग्निशमन, पूर्ति, जल संस्थान, जल निगम और पशुपालन विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


समीक्षा के दौरान विनय रूहेला ने सभी विभागों को निर्देश दिए कि मानसून के दौरान आवश्यक मशीनरी, राहत सामग्री, दवाइयों एवं उपकरणों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित की जाए। साथ ही संवेदनशील एवं आपदा संभावित क्षेत्रों की नियमित निगरानी रखी जाए ताकि किसी भी आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई की जा सके।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी नियंत्रण कक्ष 24 घंटे सक्रिय रहें तथा आपदा प्रबंधन की तैयारियों को परखने के लिए समय-समय पर मॉक ड्रिल भी आयोजित की जाए। इसके अलावा राहत एवं बचाव कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया गया।
बैठक के समापन पर विनय रूहेला ने कहा कि आमजन की सुरक्षा सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि मानसून के दौरान किसी भी आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी राहत एवं बचाव कार्य सुनिश्चित किए जाएं तथा बैठक में दिए गए सभी निर्देशों का समयबद्ध अनुपालन किया जाए।

Skip to content










