हल्द्वानी – वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी के निर्देशन में जनपद में गुमशुदा व्यक्तियों एवं बच्चों की तलाश के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्द्वानी पुलिस ने सराहनीय तत्परता का परिचय देते हुए घर से लापता हुए तीन किशोरों को चंद घंटों के भीतर सकुशल बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की शाम लगभग 6 से 7 बजे के बीच तल्ली बमौरी वार्ड-11 निवासी प्रियांशु सक्सैना (13 वर्ष), मुखानी चौराहा निवासी प्रदीप सागर (15 वर्ष) तथा निशांत विहार निवासी ध्रुव कश्यप (16 वर्ष) एक साथ घर से निकले थे। देर रात तक घर नहीं लौटने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद बुधवार तड़के करीब 4 बजे परिजनों ने चौकी हीरानगर पहुंचकर तीनों बच्चों की गुमशुदगी की मौखिक सूचना पुलिस को दी।


मामले की गंभीरता को देखते हुए हीरानगर चौकी पुलिस ने तत्काल सर्च अभियान शुरू किया। पुलिस टीम ने आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें तीनों किशोर पैदल मुखानी क्षेत्र की ओर जाते हुए दिखाई दिए। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने लगातार ट्रैकिंग करते हुए थाना मुखानी क्षेत्र में तलाश अभियान चलाया।
पुलिस की सतर्कता, सूझबूझ और त्वरित कार्रवाई के चलते कुछ ही घंटों के भीतर तीनों किशोरों को सकुशल बरामद कर लिया गया। इसके बाद उन्हें सुरक्षित पुलिस संरक्षण में लेकर थाने लाया गया, जहां परिजनों की मौजूदगी में उनकी काउंसलिंग कराई गई। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद तीनों बच्चों को सकुशल उनके माता-पिता के सुपुर्द कर दिया गया।
अपने बच्चों को सुरक्षित वापस पाकर परिजनों ने नैनीताल पुलिस का आभार व्यक्त करते हुए पुलिस की त्वरित एवं संवेदनशील कार्यप्रणाली की सराहना की।
पुलिस टीम
- उपनिरीक्षक संजीत राठौड़, चौकी प्रभारी हीरानगर
- हेड कांस्टेबल मनोज टम्टा
- कांस्टेबल राहुल यादव
- कांस्टेबल राकेश कंडारी
इस अवसर पर नैनीताल पुलिस ने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों की गतिविधियों पर नियमित नजर रखें, उनसे संवाद बनाए रखें तथा उनके व्यवहार में होने वाले बदलावों पर ध्यान दें। किसी भी आपात स्थिति या संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा आपातकालीन नंबर 112 पर दें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके।

Skip to content










