आरटीओ का सख्त एक्शन, धुआं उगलती बसों और अवैध टैक्सी बाइकों पर कसा शिकंजा

👇समाचार सुनने के लिए यहां क्लिक करें

ख़बर शेयर करें -

नैनीताल – कुमाऊँ आयुक्त एवं सचिव मुख्यमंत्री दीपक रावत तथा जिलाधिकारी ललित मोहन रयाल के निर्देशों के क्रम में मंगलवार को क्षेत्रीय परिवहन कार्यालय (प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा) द्वारा जनपद के विभिन्न क्षेत्रों में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया। आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा अरविन्द पांडेय के नेतृत्व में गठित विभिन्न टीमों ने सड़क सुरक्षा, वाहन फिटनेस, प्रदूषण नियंत्रण तथा परमिट नियमों के उल्लंघन पर व्यापक कार्रवाई करते हुए 100 से अधिक वाहनों के चालान किए और पांच वाहनों को बंद कराया।

अभियान के तहत परिवहन कर अधिकारी अपराजिता पांडेय एवं अनुभा आर्य ने संभागीय निरीक्षक हल्द्वानी विनोद गुंजियाल के साथ रामनगर–बाजपुर–कालाढूंगी मार्ग पर संचालित बसों का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान बसों की भौतिक एवं यांत्रिक स्थिति (फिजिकल एवं मैकेनिकल कंडीशन) की गहन जांच की गई। साथ ही वाहनों के प्रदूषण स्तर का भी परीक्षण कराया गया।

निरीक्षण के दौरान कई बसों से अत्यधिक धुआं निकलता पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की गई। टीम ने प्रदूषण जांच केंद्रों पर वाहनों को रुकवाकर मौके पर ही उनकी प्रदूषण जांच कराई तथा आवश्यक कार्रवाई अमल में लाई।

इसी क्रम में परिवहन कर अधिकारी पवन कुमार एवं जगदीश चंद्र के नेतृत्व में दूसरी टीम ने नैनीताल शहर में प्रवेश करने वाली रेंटल एवं टैक्सी बाइकों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया। जांच में ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की गई जिन्हें शहर में प्रवेश की अनुमति नहीं थी। नियमों के उल्लंघन पर प्रत्येक वाहन पर पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया तथा वाहन स्वामियों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में दोबारा नियमों का उल्लंघन करने पर उनके परमिट निलंबित अथवा निरस्त करने की कार्रवाई की जाएगी।

विशेष अभियान के दौरान कुल 35 रेंटल टैक्सी बाइकों का चालान किया गया। वहीं नौ बसों की मैकेनिकल एवं फिजिकल कंडीशन मानकों के अनुरूप नहीं मिलने पर उनके विरुद्ध भी चालानी कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त 20 वाहनों की मौके पर प्रदूषण जांच कराकर उन्हें प्रदूषण जांच प्रमाण-पत्र उपलब्ध कराए गए।

आरटीओ प्रवर्तन विभाग की विभिन्न टीमों द्वारा संचालित संयुक्त अभियान में 100 से अधिक वाहनों के चालान किए गए, जबकि गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर पांच वाहनों को बंद (सीज) किया गया।

आरटीओ प्रवर्तन एवं सड़क सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा, प्रदूषण नियंत्रण तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए ऐसे अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे। वाहन स्वामियों एवं चालकों से नियमों का पालन करने तथा फिटनेस एवं प्रदूषण संबंधी मानकों को समय पर पूरा करने की अपील की गई है।

और पढ़ें

error: Content is protected !!