उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

सपा उत्तराखंड की प्रदेश, जिला व महानगर कार्यकारिणी भंग, जल्द होगा नए सिरे से गठन

देहरादून – समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के निर्देश पर प्रदेश संगठन में बड़ा बदलाव किया है। उन्होंने समाजवादी पार्टी उत्तराखंड की समस्त प्रदेश, जिला एवं महानगर कार्यकारिणियों को तत्काल प्रभाव से भंग करने की घोषणा की है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पूर्व में समाजवादी पार्टी उत्तराखंड के प्रदेश अध्यक्ष द्वारा विभिन्न प्रकोष्ठों में की गई नियुक्तियां भी तत्काल प्रभाव से भंग कर दी गई हैं। उन्होंने कहा कि संगठन को नए सिरे से मजबूत करने के लिए जल्द ही पूरे प्रदेश का भ्रमण किया जाएगा।

अब्दुल मतीन सिद्दीकी ने कहा कि प्रदेश भ्रमण के दौरान पार्टी के सक्रिय, मेहनती और जुझारू कार्यकर्ताओं से संवाद किया जाएगा। इसके बाद नई प्रदेश, जिला एवं महानगर कार्यकारिणियों के साथ-साथ विभिन्न प्रकोष्ठों का गठन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि संगठन में मेहनत और निष्ठा से कार्य करने वाले कार्यकर्ताओं को उचित सम्मान और जिम्मेदारी दी जाएगी।