किच्छा – गंभीर आपराधिक मामले में फरार चल रहे दो आरोपियों के खिलाफ किच्छा पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उद्घोषणा की कार्रवाई की। पुलिस टीम ने संबंधित क्षेत्रों में ढोल बजवाकर और लाउडस्पीकर के माध्यम से मुनादी कराई। साथ ही दोनों आरोपियों के संबंधित पतों पर उद्घोषणा आदेशिका की प्रतियां चस्पा की गईं।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली किच्छा में दर्ज मुकदमा संख्या 228/2026 में स्वदेश कुमार सिंह उर्फ बंटी ठाकुर व अन्य के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं तथा शस्त्र अधिनियम के तहत मामला दर्ज है। इस प्रकरण में वांछित मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना और अंकित ठाकुर उर्फ विवेक लगातार फरार चल रहे हैं। दोनों के खिलाफ न्यायालय से गैर-जमानती वारंट और उद्घोषणा आदेशिका जारी की गई है।
ढोल बजवाकर कराई गई मुनादी
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ऊधम सिंह नगर अजय गणपति, पुलिस अधीक्षक नगर रुद्रपुर प्रमोद कुमार और क्षेत्राधिकारी सितारगंज डीआर वर्मा के निर्देशन में किच्छा पुलिस ने न्यायालय के आदेशों के अनुपालन में कार्रवाई की।
प्रभारी निरीक्षक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सरकारी वाहन पर लगे लाउडस्पीकर से घोषणा कराई और ढोल बजवाकर सार्वजनिक रूप से उद्घोषणा आदेश पढ़ा। इसके अलावा दोनों आरोपियों के संबंधित पतों पर आदेशिका की प्रतियां चस्पा की गईं, ताकि उन्हें न्यायालय में उपस्थित होने के निर्देश की विधिवत जानकारी मिल सके।
दोनों आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस के मुताबिक, मनप्रीत सिंह उर्फ मन्ना पुत्र स्वर्गीय अमरीक सिंह ग्राम सैजना (रहपुरा), थाना किच्छा का निवासी है। वहीं, अंकित ठाकुर उर्फ विवेक पुत्र स्वर्गीय राजेंद्र प्रताप सिंह ग्राम सैजनी, थाना रुद्रपुर का निवासी है।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि यदि दोनों आरोपियों के संबंध में कोई विश्वसनीय जानकारी मिले या वे कहीं दिखाई दें, तो तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा कोतवाली किच्छा को सूचित करें। पुलिस ने सूचना देने वाले की सुरक्षा और गोपनीयता का नियमानुसार ध्यान रखने की बात कही है।
आगे भी होगी कानूनी कार्रवाई
पुलिस ने स्पष्ट किया कि न्यायालय के आदेशों का पालन कराने और आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित करने के लिए नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी। जरूरत पड़ने पर न्यायालय की प्रक्रिया के तहत संपत्ति की कुर्की सहित आगे की विधिक कार्रवाई भी की जा सकती है।
कार्रवाई करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक एवं विवेचक अनुराग सिंह, हेड कांस्टेबल प्रभात चौधरी, कांस्टेबल राकेश कांडपाल, महिला कांस्टेबल रेखा आर्या और कांस्टेबल चालक रणवीर सिंह शामिल रहे।
