उत्तराखण्ड क्राइम देहरादून

सेवला खुर्द में युवक को धक्का देकर गिराया, मौत के मामले में दो अज्ञात पर मुकदमा

देहरादून – पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में सड़क किनारे मिले अज्ञात युवक के शव के मामले में सीसीटीवी फुटेज से अहम सुराग मिले हैं। फुटेज में तीन युवक साथ जाते दिखाई दे रहे हैं। इसी दौरान एक युवक अपने साथी को धक्का देकर गिराता है और उसके साथ मारपीट करता है। इसके बाद दोनों युवक उसे सड़क पर छोड़कर चले जाते हैं। कुछ देर बाद वापस लौटकर वे युवक को हिलाते-डुलाते हैं और फिर वहां से फरार हो जाते हैं। पुलिस ने मामले में दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस के अनुसार, 20 अक्टूबर की सुबह पटेलनगर क्षेत्र के सेवला खुर्द में राजा-रानी वेडिंग प्वाइंट के पास सड़क किनारे एक अज्ञात व्यक्ति का शव मिला था। शुरुआती जांच के दौरान मृतक की पहचान नहीं हो सकी। इसके बाद नियमानुसार 72 घंटे तक शिनाख्त का इंतजार किया गया। पहचान नहीं होने पर शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में घटना से जुड़ी गतिविधियां सामने आने के बाद पुलिस ने दो अज्ञात व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया।

रात 10:56 बजे की फुटेज में दिखी घटना

उपनिरीक्षक जयवीर सिंह की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के मुताबिक, 19 अक्टूबर की रात करीब 10:56 बजे तीन व्यक्ति सड़क पर साथ जाते दिखाई दिए। इसी दौरान एक व्यक्ति ने अपने साथ चल रहे युवक को जोर से धक्का दे दिया, जिससे वह सड़क किनारे गिर पड़ा। इसके बाद धक्का देने वाले व्यक्ति ने उसके साथ मारपीट की, जबकि दूसरा व्यक्ति पास में खड़ा रहा।

प्राथमिकी के अनुसार, दोनों युवक कुछ देर बाद वहां से चले गए। थोड़ी देर बाद वे वापस लौटे और सड़क पर पड़े युवक को हिलाया-डुलाया, लेकिन इसके बाद फिर वहां से चले गए। पुलिस मामले में सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच कर रही है।

गैर-इरादतन हत्या की धारा में मुकदमा दर्ज

पुलिस ने मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 105 और 3(5) के तहत प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस की प्रारंभिक जांच में धक्का देने और मारपीट की घटना को युवक की मौत से जोड़कर देखा जा रहा है। मामले की विवेचना उपनिरीक्षक मुकेश थलेड़ी को सौंपी गई है।

पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर दोनों संदिग्धों की पहचान करने के साथ ही मृतक की शिनाख्त के प्रयास भी कर रही है। मामले में आगे की कार्रवाई जांच के आधार पर की जाएगी।