उत्तराखण्ड ज़रा हटके हल्द्वानी

सांसद अजय भट्ट की मौजूदगी में सजी सरस मेले की स्टार नाइट, गीत-संगीत ने बांधा समां

हल्द्वानी – सरस आजीविका मेला 2026 की स्टार नाइट में शुक्रवार की शाम उत्साह और सांस्कृतिक रंगों से सराबोर रही। कड़ाके की ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शक कार्यक्रम में पहुंचे। मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे सांसद अजय भट्ट ने मेले में भाग लेने वाले स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय उत्पाद निर्माताओं, व्यापारियों और दर्शकों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि सरस मेला महिला सशक्तीकरण, ग्रामीण आजीविका और ‘लोकल फॉर वोकल’ की भावना को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण मंच है।

कार्यक्रम स्थल पर पहुंचने पर परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल और अन्य अधिकारियों ने सांसद का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। मंच से लोगों को संबोधित करते हुए अजय भट्ट ने कहा कि सरस मेले में मंडुवा, झंगोरा और विभिन्न हस्तशिल्प उत्पादों के माध्यम से स्वयं सहायता समूहों की महिलाएं और स्थानीय कारीगर अपनी मेहनत, संस्कृति और परंपराओं को प्रदर्शित कर रहे हैं। उन्होंने सभी स्टॉल संचालकों और बाहर से आए व्यापारियों को मेले की भव्यता बढ़ाने के लिए बधाई दी।

Advertisement

सांसद ने ठंड के बावजूद बड़ी संख्या में दर्शकों की मौजूदगी पर प्रसन्नता जताते हुए कहा कि लोगों का उत्साह ही मेले की सफलता है। उन्होंने जनपदवासियों से अपील की कि वे मेले में पहुंचकर स्थानीय उत्पादों की खरीदारी करें और स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं का मनोबल बढ़ाएं।

इसके बाद स्टार नाइट में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ। गायक प्रभाकर जोशी ने ‘तेरे इश्क में मैं हो गई दीवानी’, ‘रेत ही थी मेरे दिल में’, ‘चांदी जैसा रंग है तेरा’, ‘सोने जैसे गाल’ और ‘तू माने या ना माने दिलदारा’ जैसे गीतों की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों का मनोरंजन किया। उनकी प्रस्तुतियों पर दर्शक देर रात तक झूमते रहे।

कार्यक्रम के दौरान सांसद अजय भट्ट ने लखपति दीदी कार्यक्रम में जज की भूमिका निभाने वाले अमिताभ बच्चन तथा स्टार नाइट से जुड़े सुरेश राजन, नीरज चुफाल और हिमनाद बैंड को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।

इस अवसर पर भाजपा जिलाध्यक्ष प्रताप बिष्ट, मुख्य विकास अधिकारी अरविंद कुमार पांडे, परियोजना निदेशक शिल्पी पंत, सहायक परियोजना अधिकारी चंद्रा फत्याल, जिला विकास अधिकारी संतोष पंत सहित अन्य अधिकारी और बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे।